दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती: पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पॉल्यूटिंग इंडस्ट्री और अवैध निर्माण कार्यों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।”
राजधानी दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। बढ़ते प्रदूषण के बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दिल्ली के भीतर किसी भी स्थिति में पॉल्यूटिंग इंडस्ट्री को संचालित नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माण कार्यों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण कार्यों पर सख्ती, अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई
पर्यावरण मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली में खराब मौसम और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की संभावना है। इसके बावजूद GRAP-4 लागू होने के बाद भी अवैध निर्माण कार्यों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संबंधित इमारतों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और जिम्मेदार JE व XEN अधिकारियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में नहीं चलने दी जाएगी कोई भी प्रदूषण फैलाने वाली इंडस्ट्री
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि चाहे इंडस्ट्री अधिकृत क्षेत्र में हो या अनधिकृत इलाके में, यदि वह प्रदूषण फैला रही है तो उसे बंद किया जाएगा। सरकार द्वारा व्यापक सर्वे किया गया है और ऐसे सभी उद्योगों के खिलाफ सीलिंग और सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि दिल्लीवासियों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
also read: दिल्ली सरकार ने बच्चों की सेहत के लिए बड़ा फैसला लिया,…
जनता से सहयोग की अपील
पर्यावरण मंत्री ने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ और सुरक्षित हवा के लिए सरकार का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके बड़े सुधार संभव हैं, जैसे खुले में कचरा न फैलाना और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ेदान का उपयोग करना।
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर तेज हुई कार्रवाई
दिल्ली सरकार द्वारा जारी नई प्रदूषण नियंत्रण गाइडलाइंस के तहत दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही।
-
11,776 वाहनों के चालान काटे गए
-
2,068 किलोमीटर सड़कों की मशीनों से सफाई की गई
-
5,528 किलोमीटर क्षेत्र में एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल हुआ
-
12,164 मीट्रिक टन से अधिक कचरा हटाया गया
सरकार का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि राजधानी की हवा को साफ और लोगों को स्वस्थ रखा जा सके।