DELHI NEWS : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अपनी दस्तक दे दी है, और दिल्ली में इसके 20 से 23 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। इस बीच, दिल्ली, यूपी और देश के कई अन्य राज्यों में आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले छह दिनों के लिए दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
केरल में इस बार मानसून समय से पहले पहुंच गया था, लेकिन शुरुआती रफ्तार के बाद यह कुछ दिनों के लिए धीमा हो गया था। अब फिर से यह सक्रिय हो गया है और तेज़ी से देश के अन्य हिस्सों की ओर बढ़ रहा है। बुधवार को यह पूर्वी यूपी और राजस्थान तक पहुंच चुका है। इस मानसूनी गतिविधि के कारण पूर्वोत्तर, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के 20 से ज्यादा राज्यों में अच्छी बारिश हो रही है। आने वाले दो से पांच दिनों के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल प्री-मानसून बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 23 जून के बीच मानसून के सक्रिय होने की संभावना है। आज दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही 25 जून तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी, जिसमें गरज और बिजली गिरने की भी आशंका है।
यूपी की बात करें तो वहां भी मानसून पहुंच चुका है और आज कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले तीन से चार दिनों में मानसून पूरे यूपी में सक्रिय हो जाएगा।
इसके अलावा, आने वाले 24 घंटों में तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, गुजरात, कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, आंतरिक कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और विदर्भ क्षेत्र में भी हल्की बारिश हो सकती है।