RCB ने 3 जून को पहली बार IPL का खिताब जीता था। इस खुशी में 4 जून को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजय जुलूस का आयोजन किया गया। लेकिन इस दौरान अफरातफरी मच गई और हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। इसी घटना को देखते हुए BCCI अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
आईपीएल 2025 की ट्रॉफी RCB ने अपने नाम की, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद उनकी सेलिब्रेशन से जुड़े आयोजन विवादों में घिर गए। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में हाल ही में हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना ने बीसीसीआई को कड़े कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। इस हादसे में 11 लोगों की जान गई, जबकि 56 लोग घायल हो गए। अब ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए बोर्ड कुछ अहम निर्णय लेने वाला है।
इस दिन होगी BCCI की अहम बैठक
इस हादसे के बाद BCCI अपनी 28वीं एपेक्स काउंसिल मीटिंग में आईपीएल जीत के जश्न के लिए नए दिशानिर्देश तय करने पर विचार करेगा। यह बैठक शनिवार को होगी, जिसमें अन्य जरूरी मसलों पर भी चर्चा होगी। गौरतलब है कि बुधवार को जब लगभग ढाई लाख प्रशंसक अपने फेवरेट खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम और उसके आसपास इकट्ठा हुए, तब हालात बेकाबू हो गए और भीड़ में मची भगदड़ ने इस हादसे को जन्म दिया।
बीसीसीआई ने मानी चूक, अब लेगा ठोस कदम
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने माना है कि आरसीबी की जीत पर आयोजित समारोह का प्रबंधन बेहतर ढंग से किया जा सकता था। अब इस दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए बीसीसीआई ने इसे अपनी आगामी बैठक के एजेंडे में शामिल कर लिया है। बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि शनिवार को होने वाली बैठक में आईपीएल विजेता टीमों के जश्न को लेकर स्पष्ट और सुरक्षित दिशानिर्देश तय किए जाएंगे। इस चर्चा का मकसद भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना और फैंस की सुरक्षा सुनिश्चित करना होगा। साथ ही, आयोजन के दौरान बेहतर भीड़ नियंत्रण पर भी खास ध्यान दिया जाएगा।
भारत-न्यूजीलैंड सीरीज और आयु सत्यापन भी एजेंडे में
बैठक में एक और अहम मुद्दा भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली आगामी क्रिकेट सीरीज का वेन्यू तय करना है। यह सीरीज क्रिकेट प्रेमियों के लिए काफी अहम मानी जा रही है, इसलिए इसके आयोजन स्थलों का चयन बोर्ड की प्राथमिकता में रहेगा।
इसके अलावा, बीसीसीआई आयु धोखाधड़ी को रोकने के लिए एज वेरिफिकेशन प्रक्रिया की समीक्षा करेगा। खासतौर पर अंडर-16 (लड़के) और अंडर-15 (लड़कियां) कैटेगरी में खिलाड़ियों की सही उम्र जांचने की प्रक्रिया को और अधिक सख्त और पारदर्शी बनाने के उपायों पर विचार किया जाएगा।