उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री और ‘भारत रत्न’ अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर लोकभवन में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय और महान योद्धा राजा बिजली पासी की जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों और ईसाई समुदाय को क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
अटल जी का विजन आज भी प्रेरणा का स्रोत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि भारत के विकास के शिल्पकार थे। लखनऊ से सांसद रहते हुए और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश को एक दूरदर्शी विकास मॉडल दिया। उन्होंने कहा कि अटल जी की जन्मशताब्दी का यह वर्ष पूरे देश के लिए विशेष है और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश से अटल जी का गहरा नाता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तर प्रदेश से भावनात्मक और राजनीतिक जुड़ाव रहा है। उनकी पैतृक भूमि आगरा के बटेश्वर में है, उच्च शिक्षा कानपुर से हुई और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत बलरामपुर से हुई। संसद में सबसे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में अटल जी का नाम अग्रणी है।
also read: UP News: ठंड और कोहरे के कारण मेरठ के स्कूल 29 दिसंबर तक…
राष्ट्र प्रेरणा स्थल से जीवित रहेंगी अटल जी की स्मृतियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और योगदान को सहेजने के लिए डबल इंजन सरकार ने लखनऊ में ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का निर्माण कराया है। यहां श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यह स्थल ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र सेवा की प्रेरणा देगा।
महामना मालवीय और राजा बिजली पासी को श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय को याद करते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन और शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्र निर्माण की नींव रखी। वहीं, राजा बिजली पासी को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ साहसपूर्वक संघर्ष कर सनातन संस्कृति की रक्षा की। सरकार उनके किलों और विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
क्रिसमस पर सौहार्द का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के ईसाई समुदाय को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते हैं और सरकार इसके लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य गोविंद नारायण शुक्ल सहित कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।