भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। सीएम योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और अन्य नेताओं ने टीम को बधाई दी। तिलक वर्मा की शानदार पारी से भारत ने खिताब जीता।
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब जीता। तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की शानदार पारी के दम पर भारतीय टीम ने 147 रनों के लक्ष्य को हासिल किया। भारत की इस बड़ी जीत पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने अपनी खुशी और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “मैदान कोई भी हो, विजय सदा भारत की ही होगी। भारतीय क्रिकेट टीम के प्रत्येक खिलाड़ी का हार्दिक अभिनंदन। जय हिंद।” उनके अलावा उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी टीम को बधाई दी और कहा, “हम तब भी जीते थे, हम आज भी जीते हैं। टी-20 एशिया कप फाइनल जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।”
also read: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में योगी सरकार का बड़ा कदम,…
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “जय भारत – विजय भारत! एशिया कप 2025 में ऐतिहासिक जीत पर टीम को हार्दिक बधाई। पाकिस्तान पर शानदार विजय से पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।”
कानपुर में भारतीय क्रिकेट टीम के युवा प्रशंसकों ने भी इस जीत का जोरदार जश्न मनाया। उन्होंने पटाखे जलाकर और नाच-गाना कर जीत की खुशी का इजहार किया। एक प्रशंसक ने कहा, “यह जीत बहुत बड़ी है क्योंकि हमने मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए कृत्य का बदला लिया है।”
फाइनल मुकाबले में भारत की शुरुआत कमजोर रही, जब 20 रन पर तीन शीर्ष बल्लेबाज – अभिषेक शर्मा (5), शुभमन गिल (12) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (1) आउट हो गए। लेकिन तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने शानदार साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।
यह जीत भारत के लिए गर्व का विषय है और पूरे देश में क्रिकेट प्रेमियों के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई है।