रुपाली गांगुली के सीरियल ‘Anupama‘ के सेट पर भड़की भीषण आग, करोड़ों की संपत्ति जलकर हुई राख!स्टार प्लस के पॉपुलर सीरियल ‘Anupama’ के सेट से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। टीवी के इस टॉप शो के सेट पर आग लग गई, हालांकि अब तक आग पर काबू पा लिया गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां तैनात हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
सोमवार सुबह मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में टीवी के हिट शो ‘Anupama’ के सेट पर अचानक भीषण आग भड़क उठी। ये आग इतनी गंभीर (लेवल 1) थी कि उसे काबू में करने के लिए फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि 23 जून की सुबह दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी में स्थित ‘Anupama’ के सेट पर आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरा सेट धुएं से भर गया।
जैसे ही आग लगी, सेट पर मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि आग सुबह करीब 5 बजे के आसपास लगी थी। चूंकि सेट पर शूटिंग 7 बजे से शुरू होती है, इसलिए उस वक्त केवल सिक्योरिटी गार्ड और कुछ गिने-चुने लोग ही मौजूद थे। इसी कारण किसी के घायल होने की खबर नहीं है। हालांकि आग ने सेट को भारी नुकसान पहुंचाया है। अंदाजा है कि लाखों से लेकर करोड़ों तक का सामान इस हादसे में जलकर खाक हो गया। आग लगने की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती अनुमान शॉर्ट सर्किट की ओर इशारा कर रहे हैं।
कैमरा असिस्टेंट की पहले हो चुकी है मौत
गौरतलब है कि ‘Anupama’ के दो सेट फिल्मसिटी में मौजूद हैं—एक फिल्मसिटी ऑफिस के पास और दूसरा सलमान खान के ‘बिग बॉस’ सेट के सामने। जिस सेट पर हालिया आग लगी है, वह फिल्मसिटी ऑफिस के पास वाला है। इस सेट के पास ही अमर उपाध्याय के शो ‘डोरी’ का सेट भी है, लेकिन आग से उसे कोई नुकसान नहीं हुआ।
हालांकि, लगभग छह महीने पहले ‘Anupama’ के बिग बॉस वाले सेट पर एक कैमरा असिस्टेंट की करंट लगने से जान चली गई थी।
इससे पहले भी शो के सेट पर लगी थी आग
यह पहला मौका नहीं है जब किसी टीवी शो के सेट पर आग लगी हो। इससे पहले 2023 में स्टार प्लस के ही लोकप्रिय धारावाहिक ‘गुम है किसी के प्यार में’ के सेट पर भी भीषण आग लग गई थी, जिसमें पूरा सेट जलकर खाक हो गया था।
अनुपमा – टीवी का नंबर वन शो
स्टार प्लस का शो ‘Anupama’ भारतीय टेलीविजन का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला सीरियल है। इसमें रूपाली गांगुली मुख्य भूमिका निभा रही हैं। यह शो लगातार टीआरपी चार्ट्स में टॉप पर बना रहता है। इसकी शुरुआत 23 जुलाई, 2020 को हुई थी और शुरुआत से ही राजन शाही द्वारा निर्मित यह शो टॉप 5 में अपनी जगह बनाए हुए है।