केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा में देश की सबसे बड़ी डेयरी प्लांट का उद्घाटन किया। साथ ही 825 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और नई आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का आयोजन।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के दौरे पर हैं। इस दौरान वे देश की सबसे बड़ी डेयरी उत्पादन सुविधा समेत 825 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। यह दौरा लगभग 6 घंटे का है, जिसमें वे रोहतक और कुरुक्षेत्र के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
रोहतक में साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन
अमित शाह सबसे पहले रोहतक के आईएमटी क्षेत्र में स्थित साबर डेयरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। इस अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का निर्माण ₹325 करोड़ की लागत से हुआ है। यह प्लांट प्रतिदिन 10 लाख लीटर दही, 3 लाख लीटर छाछ, 150 मीट्रिक टन दही और 10 मीट्रिक टन मिठाइयों का उत्पादन करने में सक्षम है। इससे लगभग 1,000 लोगों को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा, जो क्षेत्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
also read: गांधी जयंती पर अमित शाह की अपील: “हर परिवार साल में ₹5000…
महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में ‘खादी कारीगर महोत्सव’ और PMEGP वितरण
रोहतक में ही अमित शाह महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित ‘खादी कारीगर महोत्सव’ में भाग लेंगे। इस अवसर पर वे लगभग 2,200 कारीगरों को टूल किट वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका विषय “स्वदेशी से स्वावलंबन” है। साथ ही अमित शाह प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत ₹301 करोड़ की मार्जिन मनी भी वितरित करेंगे और PMEGP इकाइयों का उद्घाटन करेंगे।
कुरुक्षेत्र में नई आपराधिक कानूनों पर प्रदर्शनी का शुभारंभ
अमित शाह का अगला पड़ाव कुरुक्षेत्र होगा, जहां वे भारत के नए आपराधिक कानूनों पर आधारित पांच दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदर्शनी वकीलों, छात्रों, अभिभावकों और आम नागरिकों को नवीन आपराधिक न्याय प्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। प्रदर्शनी को 10 विषयगत खंडों में बांटा गया है, जिसमें सात विभागों की भूमिका और नए कानूनों के तहत हुए सुधारों को दर्शाया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा और जनसभा
हरियाणा दौरे के दौरान अमित शाह शाम को चंडीगढ़ लौटेंगे। कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के किनारे मेला ग्राउंड में रैली भी आयोजित की गई है, जहां तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी देखने को मिलेगी। अमित शाह इस जनसभा को भी संबोधित करेंगे और प्रदेश के विकास कार्यों पर प्रकाश डालेंगे।