DELHI WEATHER : दिल्ली में बरसात का सिलसिला फिलहाल थम गया है और लगातार कई दिनों से चिलचिलाती धूप निकल रही है।
DELHI WEATHER : तापमान बढ़ने से गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। रविवार को भी राजधानी में तेज धूप पड़ी, बीच-बीच में हवाएं जरूर चलीं लेकिन राहत नहीं मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
अगले 5 दिन तक दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे, यानी मौसम कभी धूप तो कभी हल्के बादलों के बीच झूलता रहेगा। ऐसे में दिल्लीवासियों को अभी और दिनों तक गर्मी झेलनी होगी।
देशभर में बारिश का अनुमान
इधर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में 15 से 17 सितंबर तक तेज बारिश हो सकती है, जबकि असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 से 20 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी है। तमिलनाडु में 16 से 19 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड समेत कई राज्यों में भी 15 से 19 सितंबर के बीच बारिश का पूर्वानुमान है।
पहाड़ी राज्यों के लिए अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में 17 और 18 सितंबर को भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जबकि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी 15 और 16 सितंबर को तेज से बहुत तेज बारिश की संभावना है।
यानी राजधानी दिल्ली को भले ही धूप सताए, लेकिन देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।