आरएसएस अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी विजयादशमी पर स्मारक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। जानिए शताब्दी समारोह की पूरी जानकारी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) इस वर्ष अपनी स्थापना की 100वीं वर्षगांठ मना रहा है। 2 अक्टूबर 2025 को विजयादशमी के दिन RSS 100 साल का हो जाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी करेंगे। यह समारोह 1 अक्टूबर को आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले की उपस्थिति में आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने RSS की निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की प्रशंसा की है। अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि 1925 में केशव बलिराम हेडगेवार ने इस संगठन की स्थापना देश को बौद्धिक गुलामी से मुक्त कराने के उद्देश्य से की थी। उन्होंने पूर्व आरएसएस प्रमुख एम. एस. गोलवलकर के “यह मेरा नहीं, राष्ट्र का है” वाले कथन को याद करते हुए संघ की असाधारण सेवा भावना को सलाम किया।
also read: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव: दिवाली-छठ से पहले बिहार को…
नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत ने ‘संघ गीत’ एल्बम का विमोचन किया, जिसमें शंकर महादेवन जैसे प्रसिद्ध गायक के 25 देशभक्ति गीत शामिल हैं। भागवत ने कहा कि ये गीत मातृभूमि के प्रति समर्पण और तपस्या की भावना से भरे हुए हैं।
आरएसएस शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 1 लाख से अधिक हिंदू सम्मेलनों सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संघ प्रमुख भागवत विजयादशमी के दिन नागपुर मुख्यालय से वार्षिक संबोधन करेंगे और एक घर-घर जनसंपर्क अभियान भी शुरू करेंगे।