राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहलोत सरकार पर 17 पेपर लीक के आरोप लगाए। बोले – हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं, युवाओं को मिल रही पारदर्शी नौकरियां।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पाली दौरे के दौरान गहलोत सरकार पर बड़ा हमला बोला। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक होते रहे, जबकि वर्तमान सरकार ने इस समस्या पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
अधिकारी सरकार के होते हैं, व्यक्ति के नहीं: सीएम भजनलाल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम भजनलाल ने कहा कि अधिकारी किसी व्यक्ति के नहीं बल्कि सरकार के होते हैं।
उन्होंने कहा कि “जो अधिकारी गहलोत सरकार में कार्यरत थे, वही अधिकारी आज हमारी सरकार में भी काम कर रहे हैं। फर्क सिर्फ नीयत और सिस्टम का है। अब राज्य में कोई पेपर लीक नहीं हो रहा।”
गहलोत सरकार में 19 में से 17 पेपर लीक – सीएम का आरोप
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि गहलोत सरकार के दौरान युवा लगातार पेपर लीक की मार झेलते रहे। सीएम के अनुसार, “पिछले शासन में 19 में से 17 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे युवाओं के सपनों को चोट पहुंची।”
also read: राजस्थान में शुरू हुआ ‘खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स’, 24…
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार में सभी परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से हो रही हैं और हाल ही में आए आरएएस परीक्षा परिणाम इसका उदाहरण हैं—जिसमें “गांव के गरीब किसानों और मजदूरों के बेटे सफल हुए, जबकि पहले नेताओं के रिश्तेदार टॉप करते थे।”
युवाओं को नौकरियां देने का वादा पूरा – सीएम शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने 23 महीनों के कार्यकाल में किए गए वादों को तेजी से पूरा किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को लाखों नौकरियां देने के वादे पर सरकार लगातार काम कर रही है और इसका लाभ धरातल पर दिखाई दे रहा है।
किसान सम्मान निधि और विकास कार्यों का जिक्र
सभा में मुख्यमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसानों के मोबाइल पर सम्मान राशि की सूचना घंटी बजाकर मिलती है उन्होंने पाली के बाली क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों को “झलक मात्र” बताते हुए कहा कि सरकार चिकित्सा शिक्षा, सड़क विकास और ग्रामीण सुविधाओं पर गंभीरता से काम कर रही है। सीएम ने स्थानीय विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत के प्रयासों की भी तारीफ़ की।