दिल्ली सरकार ने साझा-सुरक्षित सफर योजना का खुलासा किया। एक महीने में शेयर टैक्सी, महिला टैक्सी चालक और एयरपोर्ट ईवी सेवा शुरू की जाएगी।
दिल्ली सरकार ने साझा-सुरक्षित सफर योजना की रूपरेखा तैयार की है, जिसमें महिला चालक वाली टैक्सी, एयरपोर्ट ईवी सेवा और एक महीने के भीतर शेयर टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना शामिल है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में वाहन निर्माताओं और ऐप-आधारित कैब कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और इस योजना पर चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक महीने के अंदर दिल्ली में शेयर टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, सरकार निजी इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को टैक्सी सेवा में शामिल करने और महिला चालकों को बढ़ावा देने पर भी काम कर रही है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए नई ईवी नीति और सौर ऊर्जा आधारित चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वाहनों से होने वाला उत्सर्जन दिल्ली में प्रदूषण का प्रमुख कारण है। वाहनों की संख्या कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने से प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार वाहन निर्माता और कैब कंपनियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करेगी।
also read: दिल्ली में तीन दिवसीय शब्दोत्सव का उद्घाटन, मुख्यमंत्री…
सरकार ने घोषणा की कि निजी कंपनियों को चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, बशर्ते वे सौर ऊर्जा और अनुपयोगी बैटरी निस्तारण के उपाय करें। वाहन निर्माताओं को यह भी निर्देश दिया गया कि वाहन की कीमतें इस तरह निर्धारित की जाएं कि लोग ईवी की ओर आकर्षित हों।
बैठक में कैब आधारित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने महिला चालकों वाली टैक्सी और शेयर टैक्सी शुरू करने पर सहमति जताई। इसके लिए नियमों में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि नियमों में बदलाव शीघ्र किया जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय किए जाएंगे। इसके साथ ही, ई-रिक्शा को भी साझा-सुरक्षित सफर योजना में शामिल करने की संभावना पर विचार किया जाएगा।
बैठक में दिल्ली के परिवहन मंत्री डाॅ. पंकज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सरकार ने कहा कि रिंग रोड शटल और हवाई अड्डे से भी वाहन सेवा चलाने के विकल्पों पर पूरी मदद दी जाएगी।