दिल्ली की झुग्गियों को लेकर सरकार ने एक नया विजन सामने रखा है। CM REKHA ने कहा कि सरकार का उद्देश्य झुग्गियां हटाना नहीं, बल्कि उन्हें सुव्यवस्थित और बेहतर ढंग से बसाना है। इसके लिए मुंबई के धारावी पुनर्विकास मॉडल का गहराई से अध्ययन किया जा रहा है।
CM REKHA ने बताया कि दिल्ली के करीब 675 झुग्गी और क्लस्टर क्षेत्रों में लोहार, गड़रिया और बंजारा समुदाय जैसे लोग रहते हैं, और इन्हें योजनाबद्ध तरीके से पुनर्विकसित किया जाएगा। सरकार धारावी मॉडल की तर्ज पर एक ठोस योजना बना रही है, ताकि इन बस्तियों का बेहतर ढंग से कायाकल्प हो सके।
CM REKHA ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार सिर्फ घर बनाकर नहीं दे सकती, जब तक लोग उन जगहों को खाली नहीं करते। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अब पुनरुद्धार की ज़रूरत है, और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
झुग्गीवासियों को देना होगा भरोसा:
CM REKHA ने कहा है कि यदि सरकार झुग्गीवासियों के लिए घर बनाती है, तो उन्हें भी यह वादा करना होगा कि वे पुरानी जगहें खाली कर देंगे और नए आवासों में शिफ्ट होंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस योजना को सफल बनाने के लिए सरकार को बड़े स्तर पर प्रयास करने होंगे और पर्याप्त फंड की जरूरत होगी, ताकि सभी योजनाएं समय पर पूरी हो सकें।
CM REKHA ने आगे कहा कि वर्षों से जिन झुग्गीवासियों के नाम और मकान रजिस्टर में दर्ज हैं, उनके लिए ही प्राथमिकता के साथ योजना बनाई जा रही है, क्योंकि यह जगहें उनके लिए घर जैसी हैं और उन्हें स्थायी समाधान की जरूरत है।
आप सरकार पर सीधा हमला:
रेखा गुप्ता ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में करीब 50,000 फ्लैट तैयार थे, लेकिन झुग्गीवासियों को एक भी नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों से मकानों के लिए पैसे लिए गए, फिर भी उन्हें घर नहीं दिया गया। अब वर्तमान सरकार उन पुराने फ्लैटों को पुनः तैयार करने के लिए भारी निवेश कर रही है और पात्र लोगों को आवंटन की प्रक्रिया में लगी है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार का मकसद मकान तोड़ना नहीं है, बल्कि उनका पुर्ननिर्माण करके जरूरतमंदों को देना है।
रेलवे पटरी के पास झुग्गियों को लेकर चेतावनी:
CM REKHA ने स्पष्ट किया कि यदि कोई रेलवे ट्रैक के करीब अवैध रूप से झुग्गी बनाएगा, तो ऐसे मकानों को बचाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि वे सरकार के प्रयासों में सहयोग करें क्योंकि सरकार केवल जनता की भलाई के लिए ही काम कर रही है।
पृष्ठभूमि:
हाल ही में दिल्ली में सरकारी जमीन पर बनी अवैध झुग्गियों को हटाने के लिए DDA और रेलवे ने बुलडोजर अभियान चलाया था। इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार पर तीखा हमला बोला, लेकिन प्रशासन ने साफ किया कि यह कार्रवाई अदालत के निर्देश पर की गई है और योग्य लोगों को वैकल्पिक मकान दिए जा रहे हैं।