राजस्थान में आज से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (KIUG) का आगाज हो गया है। यह प्रतियोगिता 5 दिसंबर तक चलेगी, जिसमें देशभर से लगभग 5,000 खिलाड़ी और 7,000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस गेम्स में कुल 23 पदक विजेता खेल और एक प्रदर्शन खेल शामिल हैं।
खेलों का आयोजन और स्थान
राजस्थान के विभिन्न जिलों में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
-
जयपुर: बैडमिंटन (सवाई मानसिंह स्टेडियम इंडोर हॉल), तीरंदाजी (जगतपुरा आर्चरी रेंज), शूटिंग (जगतपुरा शूटिंग रेंज), एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, हॉकी, तैराकी, टेनिस, फुटबॉल, मल्लखम्भ, साइकिलिंग
-
अजमेर: रग्बी और खो-खो (26 से 28 नवंबर)
-
उदयपुर: जूडो, बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग (25 नवम्बर से 4 दिसम्बर)
-
बीकानेर: कबड्डी और भारोत्तोलन (25 नवम्बर से 5 दिसम्बर)
-
जोधपुर: योगासन और टेबल टेनिस (25 नवम्बर से 3 दिसम्बर)
-
कोटा: तलवारबाजी और वॉलीबॉल (25 नवम्बर से 4 दिसम्बर)
-
भरतपुर: कुश्ती और बॉक्सिंग (25 नवम्बर से 5 दिसम्बर)
also read: अंता उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद सरकार का बड़ा…
खेल मंत्री का संदेश
राजस्थान के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि यह पहला मौका है जब राजस्थान को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मेज़बानी करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश में खेलों का स्तर बढ़ेगा और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का मौका मिलेगा।
प्रतियोगिता की खास बातें
इस वर्ष के KIUG में 24 खेलों में देशभर के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह पांचवां संस्करण है और इसे राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भरतपुर जैसे शहरों में आयोजित किया जा रहा है।
राजस्थान में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाएगी बल्कि राज्य को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर पहचान दिलाने में भी मदद करेगी।