उत्तर प्रदेश 2026 का उद्घाटन अमित शाह करेंगे, 24-26 जनवरी तक लखनऊ में मुख्य समारोह होगा और फिजी, थाईलैंड समेत विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का मुख्य समारोह लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस बार यूपी दिवस की थीम “विकसित भारत – विकसित उत्तर प्रदेश” रखी गई है और यह आयोजन प्रदेश की सीमाओं से बाहर निकलकर वैश्विक मंच पर उत्तर प्रदेश की पहचान को मजबूत करेगा।
तीन दिवसीय उत्सव: 24 से 26 जनवरी तक
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 तीन दिन (24 से 26 जनवरी) तक मनाया जाएगा। इस दौरान न केवल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम होंगे, बल्कि फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों में भी उत्सव आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित किया जाएगा और प्रदेश की संस्कृति का प्रसार किया जाएगा।
मुख्य समारोह में होंगे बड़े आयोजन
मुख्य समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राज्य के मंत्री, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियाँ शामिल होंगी।
मुख्य समारोह का दूरदर्शन के माध्यम से पूरे प्रदेश में सीधा प्रसारण किया जाएगा।
ODOC योजना होगी आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष यूपी दिवस का सबसे बड़ा आकर्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर आधारित ‘एक जनपद-एक व्यंजन (ODOC)’ योजना होगी। इस योजना के तहत प्रदेश के सभी जनपदों के पारंपरिक व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उत्तर प्रदेश की समृद्ध खाद्य संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
इसी के साथ ‘एक जनपद-एक उत्पाद (ODOP)’ योजना के तहत शिल्पकारों के उत्पादों और GI टैग प्राप्त वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री भी आयोजित की जाएगी।
also read: नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर और SCVT ने किया MoU…
यूपी गौरव सम्मान और युवा उद्यमिता को भी मिलेगा मंच
समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26 भी प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को दिया जाएगा।
साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
नए प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री इस अवसर पर ODOC योजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना की शुरुआत भी करेंगे।
यूपी दिवस के दौरान विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर प्रदर्शनियां, शिल्प मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें लोक, शास्त्रीय और समकालीन कला के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विदेशों में भी उत्तर प्रदेश दिवस का आयोजन
इस वर्ष यूपी दिवस की विशेषता यह है कि यह कार्यक्रम विदेशों में भारतीय दूतावासों और देश के विभिन्न राज्यों के लोक भवनों में भी आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित करने के साथ प्रदेश की संस्कृति, निवेश संभावनाओं और विकास यात्रा को भी व्यापक रूप से पेश किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग ने एलडीए के सहयोग से आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।