DELHI-NCR में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को तेज़ हवाएं चलेंगी, जिसके बाद तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ने लगेगी।
होली के बाद से मौसम खुशनुमा बना हुआ है, खासकर उत्तर भारत के राज्यों में बादलों की आवाजाही जारी है। सोमवार से दिल्ली-एनसीआर में ठंडी हवाएं चलने से गर्मी में कमी आई है, जिससे लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में दोबारा बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है।
बिहार में बढ़ी गर्मी, कई राज्यों में बारिश की संभावना
बिहार में तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। इस बीच, उत्तरी छत्तीसगढ़ से विदर्भ तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक द्रोणिका रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
DELHI-NCR में ठंडी हवाओं से राहत, जल्द बढ़ेगी गर्मी
DELHI-NCR में चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात में पंखों की स्पीड कम करनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक तेज़ हवाएं चलने और बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद भीषण गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। 20 मार्च से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
मंगलवार (आज) को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, 23 मार्च तक यह बढ़कर न्यूनतम 18 डिग्री और अधिकतम 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही, आसमान साफ रहेगा और तेज़ धूप खिली रहेगी।