भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने वनडे कप्तानी छिनने के बाद अपना पहला बयान दिया है। बीसीसीआई ने हाल ही में वनडे टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी है, जिससे टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नए कप्तान के नेतृत्व में उतरेगी। इस बीच, रोहित शर्मा ने मुंबई में आयोजित सीएटी क्रिकेट रेटिंग अवॉर्ड्स 2025 के दौरान मीडिया से बातचीत में ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर अपनी उत्सुकता जताई।
रोहित शर्मा ने कहा, “ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना मेरे लिए हमेशा खास होता है। वहां के दर्शक क्रिकेट को गहराई से समझते हैं और उसका सम्मान करते हैं। वहां खेलना एक अलग ही अनुभव होता है।” हालांकि उन्होंने कप्तानी गंवाने पर सीधे तौर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन उनके इस बयान से साफ था कि वे इस बदलाव से निराश नहीं हैं और पूरी तरह से आगामी सीरीज के लिए तैयार हैं।
also read: India Tour of Australia 2025: भारत vs ऑस्ट्रेलिया 8 मैच…
बतौर खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर करेंगे हिस्सा
रोहित शर्मा अब इस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में केवल खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैच खेले जाएंगे, जिनकी शुरुआत 19 अक्टूबर से होगी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह सीरीज रोहित शर्मा और विराट कोहली के अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर की आखिरी हो सकती है।
चयन समिति का बयान और युवा खिलाड़ियों पर फोकस
बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पहले ही बताया था कि रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने की सूचना उन्हें पहले दे दी गई थी। उन्होंने कहा, “रोहित और कोहली अभी टीम में हैं और हम उनकी परफॉर्मेंस के आधार पर उन्हें देख रहे हैं। 2027 विश्व कप तक उनकी टीम में मौजूदगी के बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।” इस बयान के बाद से चयन समिति के युवा खिलाड़ियों को मौका देने के संकेत साफ हो गए हैं।
रोहित शर्मा का शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में अब तक 2407 रन 46 मैचों में बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार है, जहां उन्होंने 8 शतक और 9 अर्धशतक लगाए हैं। साथ ही उनका 264 रन का रिकॉर्ड भी आज तक टूट नहीं पाया है, जो वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी में से एक है।