Roadies XX के विजेता बनने तक गुल्लू का सफर बिल्कुल भी सरल नहीं रहा। उन्होंने तमाम चुनौतियों का डटकर अकेले सामना किया। एक वक्त ऐसा भी आया जब उन्हें शो से बाहर होना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और पूरी जिद और मेहनत से वापसी की।
भारत का सबसे बड़ा और रोमांच से भरपूर एडवेंचर रियलिटी शो ‘एमटीवी Roadies XX’ अपने 20वें सीजन के साथ एक अप्रत्याशित मोड़ पर आकर समाप्त हुआ। इस बार का सीजन चौंकाने वाले मोड़ों, धोखेबाज रणनीतियों और गैंग लीडर के रूप में वाइल्डकार्ड एंट्री के कारण यादगार बन गया। इन्हीं सब के बीच, एल्विश यादव की गैंग से आए कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू ने सभी प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए रोडीज 2025 का खिताब जीत लिया। यह जीत एल्विश यादव के लिए, जो पहली बार गैंग लीडर बने थे, किसी सपने के सच होने जैसी रही।
गुल्लू का सफर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा। एल्विश यादव ने उन्हें एक बड़ी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था। शो के दौरान गुल्लू ने मजबूत रिश्ते बनाए, लेकिन एक समय ऐसा आया जब उन्हें एलिमिनेट कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने गौतम की गैंग से वापसी की, लेकिन फिनाले से ठीक पहले उन्होंने चौंकाने वाला कदम उठाते हुए गौतम को डबल क्रॉस कर दिया और फिर से एल्विश की गैंग में लौट आए। उनकी रणनीतिक चालें, शानदार प्रदर्शन और भावनात्मक सफर ने उन्हें फिनाले तक एक मजबूत दावेदार बना दिया।
गुल्लू ने कांटे की टक्कर में मारी बाज़ी
Roadies XX के फिनाले में बेहद कठिन चैलेंज रखा गया था, जिसमें कंटेस्टेंट्स की मानसिक और शारीरिक क्षमता की कड़ी परीक्षा हुई। इस जबरदस्त मुकाबले में गुल्लू ने हरताज और ऋषभ को बेहद मामूली समय के अंतर से पीछे छोड़ते हुए जीत का परचम लहराया। इस जीत के साथ उन्हें न सिर्फ ट्रॉफी मिली, बल्कि एक शानदार बाइक और 10 लाख रुपये की इनामी राशि भी दी गई।
गुल्लू की जीत – एक मौन चीख
अपनी इस खास जीत को लेकर गुल्लू ने कहा, “एमटीवी Roadies XX जीतना सिर्फ एक टाइटल नहीं है, ये मेरी खामोश चीख थी जो आखिरकार सुनी गई। मेरे पास न कोई सहारा था, न कोई साथ देने वाला, न ही कोई जो मुझे उठाए जब मैं गिरा। यह सब मैंने अकेले सहा और झेला।”
ट्रॉफी से कहीं ज़्यादा है ये जीत
गुल्लू ने आगे कहा, “ये सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों के लिए एक प्रतीक है जिन्होंने कभी खुद को अकेला और अयोग्य महसूस किया है। मैंने अकेले सफर तय किया, लेकिन कभी हार नहीं मानी। ये जीत प्रसिद्धि या शोहरत के लिए नहीं, बल्कि इस सच्चाई के लिए है कि अगर आपके पास कुछ नहीं है, तो भी आप सब कुछ हासिल कर सकते हैं।”
एल्विश यादव की प्रतिक्रिया
गुल्लू की सफलता पर गर्व जाहिर करते हुए गैंग लीडर एल्विश यादव ने कहा, “शुरुआत से ही मुझे उसमें एक आग नजर आई थी। उसने सिर्फ टास्क नहीं जीते, बल्कि लोगों का दिल भी जीता। उसका सफर इस सीजन की असल तस्वीर है – अचरज, वफादारी और जुनून का मेल। अपने पहले सीजन में मैं इससे बेहतर कंटेस्टेंट की उम्मीद नहीं कर सकता था।”