RAJASTHAN NEWS : पर्यटन भवन में मंगलवार को पर्यटन विभाग के शासन सचिव श्री रवि जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें 8 और 9 मार्च 2025 को जयपुर के जेईसीसी में होने वाले 25वें अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (IIFA 25) महोत्सव एवं पुरस्कार समारोह के सफल आयोजन को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों और तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
श्री रवि जैन ने बताया कि IIFA 25 के आयोजन से राजस्थान के पर्यटन को वैश्विक पहचान मिलेगी। यह आयोजन राजस्थान पर्यटन विभाग के सहयोग से हो रहा है, जो राज्य की समृद्ध संस्कृति, कला और विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्य रूप से प्रस्तुत करने का एक सुनहरा अवसर है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राजस्थान ने पहले भी G20 और राइजिंग राजस्थान जैसे बड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। उसी तर्ज पर, इस आयोजन को राजस्थान की पर्यटन ब्रांडिंग के एक प्रमुख अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, जेडीए, नगर निगम, रीको, जेईसीसी और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर पूरी तैयारी की जा रही है।
श्री जैन ने कहा कि IIFA 25 के अवसर पर जयपुर शहर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ शानदार सजावट की जाएगी। आयोजन के दौरान यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही, करीब 15,000 मेहमानों के आगमन को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।