दीपावली से पहले राजस्थान सरकार ने 65 हजार सरकारी स्कूलों का किया कायाकल्प का फैसला। प्राथमिक स्कूल गुलाबी और उच्च माध्यमिक स्कूल पीले रंग में रंगे जाएंगे, साथ ही स्कूलों में स्वदेशी लाइटिंग भी लगाई जाएगी।
राजस्थान सरकार ने दीपावली से पहले राज्य के 65 हजार सरकारी स्कूलों के कायाकल्प का बड़ा ऐलान किया है। शिक्षा विभाग के आदेशानुसार, सभी सरकारी स्कूलों में मरम्मत, रंगाई-पुताई और लाइटिंग का काम किया जाएगा, ताकि बच्चों के लिए बेहतर और सुरक्षित पढ़ाई का माहौल बनाया जा सके।
स्कूलों को मिलेगा नया रंग और लाइटिंग
राजस्थान के शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि सभी प्राथमिक विद्यालय हल्के गुलाबी रंग से रंगे जाएंगे, जबकि उच्च माध्यमिक विद्यालयों को पीले रंग में पेंट किया जाएगा। इसके साथ ही, दीपावली के मौके पर स्कूलों में स्वदेशी रंगीन लाइटिंग लगाई जाएगी, जिससे स्कूल खूबसूरत और आकर्षक नजर आएंगे।
also read: Rajasthan Conversion Law: राजस्थान में जबरन धर्मांतरण पर…
बजट और समयसीमा
हर स्कूल को इस कायाकल्प कार्य के लिए 15 हजार से 2 लाख रुपये तक का बजट दिया जाएगा। मरम्मत, रंगाई-पुताई और लाइटिंग का काम पूरे प्रदेश में एक साथ शुरू होकर 18 अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाएगा। इस योजना के तहत स्कूलों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मॉनिटरिंग और रिकॉर्डिंग का खास प्रावधान
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि प्रत्येक स्कूल के प्रिंसिपल को मरम्मत, रंगाई और लाइटिंग की फोटो रिकॉर्ड करनी होगी। जिला शिक्षा अधिकारी इस पूरे कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे ताकि कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरा हो।
जर्जर हालत वाले क्लासरूमों का भी ध्यान
राज्य में करीब 84 हजार क्लासरूम जर्जर हालत में हैं, जिनका पुनर्निर्माण भी एक बड़ी चुनौती है। हालांकि इस योजना में मरम्मत और रंगाई का काम प्राथमिकता पर है, लेकिन भविष्य में इन जर्जर क्लासरूमों के सुधार की भी जरूरत है।