दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा शुरू किया है। इस पखवाड़े के तहत कई जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य शिविरों और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सेवा पखवाड़े का शुभारंभ कर्तव्य पथ पर वॉक एंड हेल्थ कैंप के साथ हुआ, जहां से विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई।
प्रमुख स्वास्थ्य और जनकल्याण कार्यक्रम
त्यागराज स्टेडियम में पांच बड़े अस्पतालों के नए ब्लॉकों का उद्घाटन किया गया, जिनमें गुरु गोबिंद सिंह, संजय गांधी मेमोरियल, आचार्य श्री भिक्षु, भगवान महावीर और श्री दादा देव मातृ एवं शिशु चिकित्सालय शामिल हैं। बुराड़ी में 150 डायलिसिस मशीनों की शुरुआत हुई, साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर और नेहरू बाल चिकित्सालय में डीईआईसी सेंटर की शुरुआत की गई। टीबी उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और ऑर्गन ट्रांसप्लांट पोर्टल भी लॉन्च होगा।
शिक्षा, परिवहन और जल प्रबंधन में नई पहल
29 सितंबर को ‘सीएम श्री स्कूलों’ का उद्घाटन होगा, साथ ही ‘निपुण संकल्प’ योजना के तहत प्राथमिक कक्षाओं के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू होंगे। 23 सितंबर को नई अंतरराज्यीय बसें और पीओएस मशीनें शुरू होंगी, जबकि 28 सितंबर को 100 नई बसें और रूट रेशनलाइजेशन योजना लॉन्च की जाएगी। दिल्ली जल बोर्ड 30 सितंबर को ओखला में 564 एमएलडी का एसटीपी शुरू करेगा और कई इलाकों में अपशिष्ट जल संयंत्र एवं सीवर लाइन प्रोजेक्ट्स भी शुरू किए जाएंगे।
also read: DUSU चुनाव में संजू बाबा की एंट्री, ABVP उम्मीदवार आर्यन मान को बताया अपना भतीजा
ड्रेनेज मास्टर प्लान और अन्य विकास कार्य
शनिवार को दिल्ली सचिवालय से ड्रेनेज मास्टर प्लान का अनावरण किया जाएगा। नंद नगरी में 175 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण होगा और राजपूताना राइफल्स के लिए फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास किया जाएगा। तीमारपुर में नेत्रहीन छात्राओं के लिए छात्रावास, पश्चिम विहार में वृद्धाश्रम, तथा नरेला में अटल आशा होम का उद्घाटन होगा। साथ ही नरेला में फायर स्टेशन और 24 क्विक रिस्पांस व्हीकल शुरू किए जाएंगे।
कला और संस्कृति में रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा ‘विकसित भारत के रंग, कला के संग’ कार्यक्रम का आयोजन 19 सितंबर को कर्तव्य पथ लॉन में होगा। इस कार्यक्रम में 12,500 से अधिक कलाकार 10 किलोमीटर लंबी सामूहिक कैनवस पेंटिंग बनाएंगे, जिसे विश्व का सबसे बड़ा सामूहिक कला प्रोजेक्ट बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए विशेष पहल
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के तहत एम्स और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी। कर्तव्य पथ पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा, जिसमें 1,000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन भी इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया विशेष गीत
दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘नमो प्रगति दिल्ली – बाल स्वर से राष्ट्र स्वर तक’ विशेष गीत लॉन्च किया। यह गीत दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों द्वारा तैयार किया गया है और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को समर्पित है। कार्यक्रम में लगभग 400 छात्रों ने इस गीत के लेखन, संगीत, नृत्य और वीडियोग्राफी में योगदान दिया।