Netflix पर 5 फरवरी को स्ट्रीम हुए शो में इंडस्ट्री के प्रसिद्ध सेलिब्रिटीज को जंगल में छोड़ दिया जाता है, जहां उन्हें कई कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
रोहित शेट्टी का स्टंट-आधारित शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ टीवी के सबसे पॉपुलर रियलिटी शोज में से एक है, जिसमें सेलिब्रिटीज खतरनाक स्टंट्स करते हुए अपने डर का सामना करते हैं। लेकिन जिस शो के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, वह आपको एडवेंचर और डर का डबल डोज देगा। यह शो 5 फरवरी को Netflix पर प्रीमियर हुआ है। 8 एपिसोड वाले इस ब्रिटिश शो का नाम Celebrity Bear Hunt है, और इसका उद्देश्य यह जानना है कि सेलिब्रिटीज अपने डर और चुनौतियों का सामना कैसे करते हैं।
Celebrity Bear Hunt की थीम
ब्रिटिश शो Celebrity Bear Hunt की थीम जंगल की एक चुनौतीपूर्ण और साहसिक यात्रा पर आधारित है। इस शो में प्रसिद्ध विदेशी सेलिब्रिटीज कंटेस्टेंट के रूप में भाग ले रहे हैं। शो के दौरान उन्हें ‘कोस्टा रिका’ के खतरनाक जंगल में छोड़ दिया जाता है, जहां उन्हें कई चुनौतियों का सामना करते हुए जंगल से बाहर निकलना होता है।
जंगल से बाहर निकलने के केवल तीन रास्ते होते हैं: बोट, हेलीकॉप्टर और सुरंग। हालांकि, शो में एक ट्विस्ट है—सेलिब्रिटीज को बाहर निकलने के लिए जंगली जानवरों का भी सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, हर सेलिब्रिटी के पीछे एक इंसानी भालू को छोड़ दिया जाता है, जिसका काम होता है उन्हें जंगल से बाहर जाने से रोकना। सेलिब्रिटीज को इस भालू से खुद को बचाना भी होता है।
एलिमिनेशन का खतरा
शो के दौरान आपको यह देखने को मिलेगा कि सभी सेलिब्रिटीज जंगल से बाहर निकलने की पूरी कोशिश करते हैं। इसके लिए उन्हें विभिन्न टास्क दिए जाते हैं और कुछ जाल भी बिछाए जाते हैं, जिन्हें उन्हें पार करना होता है। जिन सेलिब्रिटीज को भालू पकड़ लेता है, उनके लिए एलिमिनेशन का खतरा बढ़ जाता है।
कौन-कौन से सेलिब्रिटीज ने लिया हिस्सा?
Celebrity Bear Hunt में कुल 12 सेलिब्रिटीज ने भाग लिया है। इस लिस्ट में मॉडल केट मॉस की छोटी बहन लोट्टी मॉस, कॉमेडियन और एक्टर जो थॉमस, टीवी पर्सनैलिटी लॉरेंस लेवेलिन-बोवेन, रैपर-शेफ ज़ुहैर हसन उर्फ बिग जू, पूर्व क्रिकेटर डैनी सिप्रियानी, ब्रिटिश एक्टर कोला बोकिन्नी, सिंगर ऊना हेली, जर्नलिस्ट स्टेफ मैकगवर्न, डांसर शर्ली बल्लास, टेनिस प्लेयर बोरिस बेकर, मॉडल लियोमी एंडरसन और एक्ट्रेस मेल बी के नाम शामिल हैं।