कैथल नागरिक अस्पताल में पक्की सड़क पर ब्लॉक बिछाने के विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने जांच के आदेश दिए। गुणवत्ता पर उठे सवालों से विभाग सतर्क।
कैथल के नागरिक अस्पताल में चल रहे कायाकल्प और सौंदर्यीकरण कार्य पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पहले से मौजूद पक्की सड़क पर नए ब्लॉक बिछाए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मुद्दे पर बढ़ती चर्चा के बीच हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने अस्पताल पहुंचकर मामले का संज्ञान लिया और तुरंत जांच के आदेश जारी किए।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि सौंदर्यीकरण के नाम पर किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार पाया जाता है, तो संबंधित एजेंसी और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच होगी और यह देखा जाएगा कि काम मानकों के अनुरूप किया गया है या नहीं। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्यवाही तय की जाएगी।
आरती राव ने यह आश्वासन भी दिया कि आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में मौजूद कमियों को दूर किया जाएगा और अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
also read: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: हरियाणा की महिलाओं ने मेहनत…
अस्पताल में उपचार कराने आए स्थानीय लोगों—राकेश रंगा, मनोज कुमार और विनोद सहित कई नागरिकों—ने कहा कि पहले से सही स्थिति में मौजूद पक्की सड़क पर नए ब्लॉक बिछाना संसाधनों की बर्बादी है और तकनीकी रूप से भी उचित नहीं। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार गुणवत्ता से समझौता कर रहे हैं और विभागीय निरीक्षण की कमी के कारण ऐसे कार्य बिना किसी रोक-टोक के किए जा रहे हैं।
वहीं, इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएमओ डॉ. रेनू चावला ने कहा कि अस्पताल परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चल रहा है। पूर्व एडीसी की अध्यक्षता वाली समिति ने निरीक्षण के दौरान पाया था कि सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन ने भी इसकी पुष्टि की थी, जिसके बाद मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखकर सड़क पर ब्लॉक बिछाने का फैसला लिया गया।
अस्पताल में सुधार कार्यों को लेकर उठे सवालों ने विभाग को सतर्क किया है, और अब जांच रिपोर्ट से ही तय होगा कि इस परियोजना में कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं।