DPL 2026 में यश धुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में नाबाद शतक लगाया। उनकी पारी से सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 9 विकेट से मुकाबला जीता।
DPL 2026: दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में युवा बल्लेबाज यश धुल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के ओपनर यश धुल ने महज 141 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शतक लगाकर टीम को एकतरफा जीत दिला दी।
यश धुल ने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन की पारी खेली। उनकी इस धमाकेदार पारी की बदौलत सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली 6 को 9 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की।
शतक के साथ खत्म किया मुकाबला
यश धुल की बल्लेबाजी का अंदाज देखने लायक था। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 9 शानदार छक्के लगाए। खास बात यह रही कि जिस गेंद पर उन्होंने अपना शतक पूरा किया, उसी गेंद पर टीम ने जीत का लक्ष्य भी हासिल कर लिया।
शुरुआत में सेंट्रल दिल्ली किंग्स की पारी धीमी रही और पहले तीन ओवर में टीम सिर्फ 12 रन बना सकी। लेकिन इसके बाद यश धुल ने आक्रामक रुख अपनाया और लगातार बड़े शॉट लगाकर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तेजी से रन बनाते हुए शतक तक पहुंच गए।
also read: The Hundred League: सनराइजर्स लीड्स ने बनाया इतिहास, 241 रन के साथ रचा सबसे बड़ा स्कोर
गेंदबाजों ने पुरानी दिल्ली 6 को रोका
इससे पहले मुकाबले में बारिश के कारण मैच को 15-15 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत खराब रही।
टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और 9 ओवर के बाद उसका स्कोर 55 रन पर 5 विकेट था। सेंट्रल दिल्ली किंग्स के गेंदबाज मनी ग्रेवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 22 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
हालांकि, इसके बाद अश्विनी चिल्ला और रोहन राठी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। रोहन राठी ने 46 रन बनाए, जबकि अश्विनी चिल्ला ने 38 रनों की उपयोगी पारी खेली। उनकी मदद से पुरानी दिल्ली 6 ने 15 ओवर में 140 रन का लक्ष्य रखा।
युगल सैनी ने दिया यश धुल का साथ
लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से यश धुल के साथ युगल सैनी ने भी अहम योगदान दिया। युगल सैनी ने नाबाद 27 रन बनाए और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 81 रनों की अटूट साझेदारी हुई। टीम ने सिर्फ 13.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अंक तालिका में शीर्ष पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स
इस जीत के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने डीपीएल 2026 में अपना दबदबा कायम रखा है। टीम ने अब तक खेले गए चारों मुकाबलों में जीत हासिल की है और अंक तालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है।
वहीं, यश धुल का यह दिल्ली प्रीमियर लीग करियर का दूसरा शतक है। उनकी इस शानदार पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह दबाव वाले मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलने की क्षमता रखते हैं।