DELHI WEATHER : दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है, वहीं दिल्ली और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में प्री-मॉनसून की बौछारें राहत पहुंचा रही हैं। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आज बारिश की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली-UP में बारिश के आसार, छह राज्यों में रेड अलर्ट जारी
भीषण गर्मी से जूझ रहे लोग मॉनसून की बारिश का इंतजार कर रहे थे, और अब धीरे-धीरे कई राज्यों में इसका असर दिखने लगा है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है। अगले दो दिनों में इसके गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के और इलाकों में बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में प्री-मॉनसून बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और शाम या रात को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। राजधानी में अगले तीन दिन तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने के आसार हैं।
इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल और गुजरात क्षेत्रों में बने दो लो प्रेशर सिस्टम के चलते आज और कल पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज और कल मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। साथ ही हरियाणा, राजस्थान, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण कर्नाटक, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। तेलंगाना, मराठवाड़ा और विदर्भ में भी हल्की बारिश का अनुमान है।
दक्षिण गुजरात में अगले 24 घंटों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, उत्तर बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत में भी अच्छी बारिश हो सकती है।