DELHI WEATHER : दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी के बाद मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तेज़ हवाओं और गरज-बरसात की संभावना जताई है। 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं और बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार को तेज़ गर्मी ने लोगों को परेशान किए रखा, और सोमवार सुबह भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं दिखा। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग की भविष्यवाणी में कुछ राहत की उम्मीद जताई गई है। विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली में धूप और बारिश के बीच आंख-मिचौली चल सकती है। वहीं, कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री, पालम में 43.2 डिग्री और आया नगर में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला पर अधिकतम तापमान 42.1 और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। अगले तीन दिनों में दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आ सकता है, जिसमें तेज़ हवाओं और हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से अगले तीन दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कभी-कभी 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के इलाकों में भी मौसम में यही बदलाव रहेगा।
30 अप्रैल और 1 मई का पूर्वानुमान: मौसम विभाग ने 30 अप्रैल और 1 मई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन दोनों दिनों में आंशिक बादल रहेंगे और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। बारिश की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
2 मई को बूंदाबांदी की उम्मीद: 2 मई को मौसम में और बदलाव की संभावना है। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इन हवाओं और बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और लोग गर्मी से राहत महसूस करेंगे।
आज का मौसम: 28 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल रहेंगे और 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। गर्मी का असर बना रहेगा, लेकिन मौसम के बदलने से स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।
लोगों को सलाह: मौसम विभाग ने लोगों से तूफानी हवाओं और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले इलाकों में पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचें और मौसम अपडेट पर नजर रखें। गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें।