DELHI WEATHER : दिल्ली-NCR में तूफान और बिजली गिरने की संभावना, जानिए आपके इलाके का मौसम कैसा रहेगा।
DELHI WEATHER : देश के मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। आज राजधानी में हल्की धुंध छाई हुई है। प्रदेश में आज गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट और बिहार में यलो अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानें कि इनके अलावा देश के अन्य राज्यों में आज मौसम कैसा रहेगा।
मई का महीना जारी है और देश के मैदानी इलाके तेज गर्मी से परेशान हैं। बीच-बीच में आई आंधी-बारिश से कुछ हद तक गर्मी में राहत मिली है, लेकिन असली ठंडक तब मिलेगी जब मॉनसून पहुंचकर भारी बारिश करेगा। वहीं, गुरुवार यानी आज देश के मौसम का हाल कैसा रहेगा, चलिए जानते हैं।
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से हल्की धुंध देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। गरज के साथ बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटा की तेज हवाओं के चलने की भी आशंका है। वहीं, आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में 15 से 18 मई के बीच प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। आज प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 17 मई से तराई क्षेत्र में बादल छाने, गरजने और छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार में यलो अलर्ट बिहार में मौसम हर दिन बदल रहा है। दक्षिण बिहार में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर बिहार, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में गरज के साथ बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुल 33 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भीषण गर्मी राजस्थान में कड़ी गर्मी पड़ रही है और आगे भी तापमान बढ़ने की संभावना है। बीकानेर और गंगानगर जिलों में 15 से 17 मई के बीच अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश इलाकों में 15 मई से मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में आज दोपहर बाद हल्की बारिश या गरज के साथ बादल छाने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों का मौसम उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी बनी हुई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी है। आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, वहीं मैदानी इलाके शुष्क रहेंगे। हिमाचल प्रदेश में आज और कल ऊंचे क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 17 और 18 मई को मध्य और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं, जबकि 19 और 20 मई को कुछ मैदानी इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।