दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पीतमपुरा इलाके के तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने की घोषणा की है। सीएम गुप्ता ने कहा कि यह कदम न सिर्फ यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए उठाया गया है, बल्कि स्थानीय अस्मिता और इतिहास को सम्मान देने का भी हिस्सा है।
इस घोषणा का ऐलान उन्होंने हैदरपुर गांव में आयोजित ‘श्रेष्ठ भारत संपर्क यात्रा’ कार्यक्रम के दौरान किया। यह यात्रा 1962 के रेजांग ला युद्ध में शहीद हुए 13 कुमाऊं रेजिमेंट के 114 जवानों की याद में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हैदरपुर गांव आज विकासशील दिल्ली का प्रतीक बन रहा है, जहां परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संतुलन देखने को मिलता है।
नई नाम की घोषणा
-
क्यूयू ब्लॉक में उत्तरी पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन का नया नाम उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन होगा।
-
पीतमपुरा उत्तर मेट्रो स्टेशन का नया नाम हैदरपुर गांव मेट्रो स्टेशन होगा।
-
मौजूदा पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इन बदलावों से स्थानीय निवासियों को अपने इलाके की पहचान और इतिहास से जुड़ाव महसूस होगा।
सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि मैक्स हॉस्पिटल रोड का चौड़ीकरण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा, अंडरपास का निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे यातायात जाम और अन्य परेशानियों में कमी आएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य शहर के हर हिस्से में बेहतर, सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
नाम बदलने और सड़क-इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के बाद पीतमपुरा और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोग मानते हैं कि नए नामों से लोकेशन को पहचानना आसान होगा और यात्रा का अनुभव भी और सुविधाजनक बनेगा।