DELHI NEWS : दिल्ली-NCR में तेज आंधी के बाद जोरदार बारिश, कई जगहों पर पेड़ गिरे,जानिए कैसा रहेगा मौसम

DELHI NEWS : दिल्ली-NCR में तेज आंधी के बाद जोरदार बारिश, कई जगहों पर पेड़ गिरे,जानिए कैसा रहेगा मौसम

DELHI NEWS : दिल्ली-NCR में तेज आंधी के बाद बारिश का दौर शुरू हो गया है। लोधी रोड पर आंधी की वजह से कई पेड़ गिर गए। दिल्ली पुलिस के जवानों ने सड़क से पेड़ों को हटाने का काम किया। इसी दौरान एक पेड़ एक पैदल व्यक्ति पर गिर पड़ा, जिससे वह घायल हो गया। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश की संभावना जताई थी। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली।

दिल्ली-NCR में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। कहीं तेज आंधी चल रही है तो कहीं बारिश हो रही है। गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी तेज आंधी और बारिश देखने को मिली थी। वहीं शुक्रवार देर शाम एक बार फिर तेज आंधी चली, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस लगातार पेड़ों को हटाने का प्रयास कर रही है, ताकि यातायात बाधित न हो।

दिल्ली की लोधी रोड पर तेज आंधी के चलते सड़क किनारे लगे सैकड़ों पेड़ उखड़कर गिर गए। पुराने और विशाल पेड़ तेज हवाओं का सामना नहीं कर सके। दिल्ली पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया। लोधी थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कई इलाकों से पेड़ गिरने की खबरें आ रही हैं। एक स्थान पर एक पेड़ पैदल चल रहे व्यक्ति पर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि शुक्रवार को दिल्ली-NCR में मौसम खराब रहेगा। उनका पूर्वानुमान सही साबित हुआ और शुक्रवार को अचानक मौसम बिगड़ गया। दिल्ली के नजफगढ़, पालम, द्वारका, उत्तमनगर, महिपालपुर, धौलाकुआं और एयरपोर्ट समेत कई इलाकों में धूल भरी आंधी चली, जिससे सड़क पर चल रहे लोगों और गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई। लोग अपनी गाड़ियों को सड़क के किनारे खड़ा कर आंधी रुकने का इंतजार करने लगे। यही स्थिति नोएडा में भी रही, जहां तेज धूल भरी आंधी के कारण सड़क पर वाहन रुक गए और लोगों के लिए पैदल चलना मुश्किल हो गया। नोएडा के कई इलाकों में बिजली भी चली गई।

दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने पहले ही आंधी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया था। गुरुवार रात दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री अधिक था। बूंदाबांदी से तापमान में थोड़ी कमी आई, जिससे हालिया भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।

दिल्ली में सोमवार को इस मौसम का पहला 40 डिग्री सेल्सियस का तापमान रिकॉर्ड हुआ, जिससे लगातार तीन दिनों तक गर्मी का कहर जारी रहा। बुधवार रात तीन साल में सबसे गर्म रात थी, जब न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, गुरुवार की हल्की बारिश ने मौसम को ठंडा किया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गर्मी का प्रकोप मार्च से ही शुरू हो गया था, और अप्रैल आते-आते गर्मी ने मई-जून जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी थी, जिससे लोग चिंतित थे कि यदि अप्रैल में यह हाल है तो मई-जून में क्या होगा। हालांकि, अब बारिश के बाद लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन यह बारिश किसानों के लिए मुश्किलें लेकर आई है। अभी भी कई किसानों की गेहूं की फसल खेतों में पड़ी है और बारिश के कारण वह भीग चुकी है। अब किसानों को फसल के सूखने का इंतजार है।

Related posts

महिला आरक्षण बिल पर सियासी घमासान, संजय सिंह ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

दिल्ली MCD मेयर चुनाव 29 अप्रैल को, राजनीतिक सरगर्मी तेज; डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमिटी पर भी फैसला

ED छापेमारी पर AAP-BJP टकराव तेज: केजरीवाल ने केंद्र पर साधा निशाना, पूछा– “क्या एक रुपया भी मिला?”