DELHI NEWS : आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर दिल्ली की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि चुनाव से पहले झुग्गीवासियों को मकान देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक उसे निभाया नहीं गया। उन्होंने दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में झुग्गी बस्तियों को हटाने की कार्रवाई पर भी कड़ी आलोचना की है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भरोसा दिलाया था कि किसी भी झुग्गी को तोड़ा नहीं जाएगा, लेकिन अगले ही दिन बारापुला के पास स्थित मद्रासी कैंप में लगभग 800 झुग्गियां गिरा दी गईं। पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त बीजेपी की ओर से झुग्गीवासियों को कार्ड दिए गए थे और मकान देने का आश्वासन भी मिला था।
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बीजेपी के वादों और कार्यों में हमेशा फर्क रहता है। उन्होंने कहा कि सरकार मकान देने के बजाय गरीबों की झुग्गियों पर बुलडोजर चला रही है और उन्हें बेघर कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हर कोई जानता है कि गरीब कितनी मेहनत से अपना घर चलाता है, इसके बावजूद उन्हें बिना कोई वैकल्पिक व्यवस्था दिए उजाड़ा जा रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने इस दौरान बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कोई झुग्गी बस्तियों में जागरण कर रहा था तो कोई गरीबों के साथ दिखावटी खाना खा रहा था। साथ ही उन्होंने बताया कि पहली बार ऐसा देखा गया है कि जब किसी पार्टी की राज्य और केंद्र दोनों सरकारें हों, फिर भी गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा।
गरीबों की परवाह नहीं सरकार को
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह सिर्फ एक मामला नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रेस वार्ता के दौरान भी वजीरपुर इलाके में दर्जनों बुलडोजर झुग्गियां तोड़ रहे थे। इन कार्रवाइयों से साफ है कि सरकार न तो गरीबों को घर देना चाहती है और न ही उनकी रोजी-रोटी चलने देना चाहती है।