DELHI NEWS : दिल्ली में बीजेपी सरकार की जल प्रबंधन नीति को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने गंभीर सवाल खड़े किए

DELHI NEWS : दिल्ली में बीजेपी सरकार की जल प्रबंधन नीति को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने गंभीर सवाल खड़े किए

DELHI NEWS : आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि गर्मी शुरू होने से पहले समर एक्शन प्लान के तहत ट्यूबवेल लगाना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने दिल्ली की बीजेपी सरकार से सवाल किया कि आखिर अब तक कितने ट्यूबवेल लगाए गए हैं? उन्होंने साफ किया कि वह उन ट्यूबवेलों की बात नहीं कर रहे जो विधायकों के फंड से लगाए गए हैं।

दिल्ली में पानी की भारी कमी को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि राजधानी में जल संकट गहराता जा रहा है और हालात बेहद गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चार इंजन वाली बीजेपी सरकार पानी के प्रबंधन में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। इस गर्मी में एक भी नया ट्यूबवेल नहीं लगाया गया, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं। जनता पानी की परेशानी से तंग आकर अब विरोध-प्रदर्शन करने को मजबूर हो गई है।

सौरभ भारद्वाज ने यह भी कहा कि सरकार न केवल नए इलाकों में पानी पहुंचाने में असफल रही है, बल्कि जहां पहले पानी की सप्लाई सामान्य थी, वहां भी अब लोगों को पानी नहीं मिल रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पहले भाजपा और उपराज्यपाल आम आदमी पार्टी की सरकार पर जल संकट के लिए दोष मढ़ते थे, तो अब खुद क्यों पानी की व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं?

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार को बने चार महीने पूरे होने वाले हैं और यह वक्त किसी भी नई सरकार के लिए बदलाव और विकास के लिए पर्याप्त होता है। लेकिन हालात यह हैं कि जून की तपती गर्मी में राजधानी के कई हिस्सों में पानी का गंभीर संकट बना हुआ है, और लोग पानी के लिए हाथ जोड़ने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले कभी इतनी भयंकर जल समस्या नहीं देखी गई।

उन्होंने बताया कि दक्षिण दिल्ली की अंबेडकर नगर विधानसभा और देवली में हालात बदतर हैं। लोग जल बोर्ड के कार्यालयों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और मटके फोड़कर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। बदरपुर के लोग पूरी रात जागकर पानी का इंतजार करते हैं, जबकि ट्यूबवेल से पानी भरने के लिए लंबी कतारों में दो-दो घंटे तक खड़े रहना पड़ता है। तुगलकाबाद में जहां पहले 40 से 46 टैंकर पानी आते थे, अब उनकी संख्या आधी कर दी गई है। छतरपुर और मेहरौली भी जल संकट से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिजवासन, पालम, तिमारपुर, मॉडल टाउन, आदर्श नगर, बुराड़ी, हरिनगर, रजौरी गार्डन और जनकपुरी तक जल संकट फैला हुआ है। ग्रेटर कैलाश जैसे इलाके, जहां पहले कभी पानी की कमी नहीं रही, वहां अब नलों में पानी नहीं आ रहा। टैंकरों की आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा चुकी है।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि फिलहाल दिल्ली में 100 एमजीडी पानी की भारी कमी है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र और हरियाणा में भी भाजपा की सरकार है, फिर भी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित क्यों नहीं हो रही? जब एलजी और भाजपा पहले कहते थे कि दिल्ली में पानी की कमी नहीं, केवल प्रबंधन की खामी है — तो अब वो प्रबंधन क्यों फेल हो रहा है? एलजी को अपनी ही सरकार को जल प्रबंधन का पाठ पढ़ाना चाहिए। जनता जगह-जगह प्रदर्शन कर रही है, लेकिन सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही।

पूर्व विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी ने भी मॉडल टाउन विधानसभा में पानी की गंभीर किल्लत की बात कही। उन्होंने बताया कि खिलौना बाग, लाल बाग, राजपुरा गांव और गुरु नानक गली जैसी जगहों पर तीन दिन पहले लोग मटके फोड़कर प्रदर्शन कर चुके हैं। राणा प्रताप बाग में गंदा पानी आ रहा है और रूपनगर में भी लोग शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता को यह महसूस होने लगा है कि अरविंद केजरीवाल की सरकार के वक्त जल और कचरा प्रबंधन बेहतर था, जबकि भाजपा सरकार न पानी दे पा रही है, न बिजली की स्थिति सुधार रही है और न ही स्कूलों की फीस नियंत्रण में रख पा रही है। चार इंजन की सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है।

Related posts

अरविंद केजरीवाल : “मैं कट्टर ईमानदार था, हूं और रहूंगा,” कोर्ट के फैसले के बाद बोले पूर्व सीएम

दिल्ली में आज से दौड़ेगी इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिखाएंगी हरी झंडी