DELHI NEW CM के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां रामलीला मैदान में जोरों पर चल रही हैं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कई वीवीआईपी मेहमान शामिल होंगे। भाजपा आज, 19 फरवरी, को दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का चयन कर सकती है। पार्टी ने 27 साल बाद दिल्ली में सत्ता में वापसी की है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की भारी जीत के बाद सभी को नए मुख्यमंत्री के नाम की प्रतीक्षा थी, जो आज समाप्त होने जा रही है। भाजपा के सभी 48 नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुधवार शाम को होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। इससे पहले, दिल्ली बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्टर साझा किया है।
बीजेपी ने पोस्टर में लिखा, “दिल्ली के विकास का नया अध्याय शुरू होने वाला है। ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ के साथ हम सभी मिलकर राजधानी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आइए, रामलीला मैदान पहुंचे और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें!”
DELHI NEW CM कौन होगा?
चुनाव परिणाम आए 11 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी भी DELHI NEW CM को लेकर संशय बरकरार है, क्योंकि भाजपा ने अब तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। 20 फरवरी को, रामलीला मैदान में सुबह 10 बजे से शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल के छह अन्य सदस्य भी शपथ लेंगे।
ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर एक बार फिर सबको हैरान कर सकती है। सीधे शब्दों में कहें तो संभावित मुख्यमंत्री को भी अभी तक अंदाजा नहीं होगा कि वही दिल्ली का अगला सीएम बनने वाले हैं।
भाजपा अपने शपथ ग्रहण समारोहों को हमेशा भव्य रूप से आयोजित करती है, लेकिन इस बार पार्टी दिल्ली के शपथ ग्रहण को खास और अलग बनाने की तैयारी कर रही है। आखिरकार, 27 साल के लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने दिल्ली में सत्ता हासिल की है।
किस पार्टी को कितनी सीटें मिलीं?
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी को हराकर भाजपा ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की। 8 फरवरी को आए नतीजों में भाजपा ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि पिछली बार 62 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी इस बार सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई।