दिल्ली सरकार सावदा घेवरा के 2,416 फ्लैटों की मरम्मत पूरी कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को जल्द आवंटित करेगी। अन्य कॉलोनियों में भी फ्लैट सुधार और सुविधाएं सुनिश्चित।
राजधानी में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सावदा घेवरा इलाके में बने 2,416 फ्लैटों की मरम्मत का काम तेजी से पूरा हो रहा है और इन्हें बहुत जल्द आवंटित किया जाएगा। यह निर्णय 34वीं डुसिब बैठक में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में लिया गया।
फ्लैटों की मरम्मत और सुविधाएं
बैठक में तय किया गया कि सभी फ्लैटों में पानी, बिजली, सीवेज, स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं 100% सही हों। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 जनवरी तक सभी मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।
also read: दिल्ली सरकार ने वर्क-फ्रॉम-होम एडवाइजरी जारी की,…
बढ़ाई जाएगी कॉलोनियों की बुनियादी सुविधाएं
डुसिब की सभी कॉलोनियों में सब्जी बाजार, दैनिक जरूरतों की दुकानें, कम्युनिटी हॉल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, कचरा प्रबंधन, सड़कें, पार्क, बिजली और पानी जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कॉलोनी को मॉडल कॉलोनी के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि नागरिकों को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी न हो।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विस्तार
बैठक में यह भी तय हुआ कि 124 स्थानों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। इससे झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से और नजदीक उपलब्ध होंगी।
सुल्तानपुरी, द्वारका और भलस्वा के फ्लैट भी दुरुस्त
सावदा घेवरा के अलावा सुल्तानपुरी, द्वारका और भलस्वा स्थित फ्लैटों की मरम्मत और नवीनीकरण परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि काम जल्द पूरा किया जाए ताकि अधिक से अधिक परिवार सुरक्षित और सुविधाजनक आवास में शिफ्ट हो सकें।