दिवाली-छठ पर्व से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं का किया उद्घाटन। टिकट काउंटर, साफ-सफाई, सुरक्षा और अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था से त्योहारों में आरामदायक यात्रा सुनिश्चित।
दिवाली और छठ महापर्व के करीब आने के साथ ही राजधानी दिल्ली में तैयारियां पूरी जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 14 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे।
त्योहारों के दौरान यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के समय दिल्ली से लाखों लोग अपने घरों को लौटते हैं। इसलिए दिल्ली सरकार ने यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस बार एक बड़ा सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है, जिसमें अलग-अलग टिकट काउंटर, पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए, रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और सफाई के लिए अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्लेटफॉर्म्स पर साफ-सफाई, सुरक्षा जांच और ट्रेनों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
also read: महिला उद्यमियों के लिए दिवाली पर खुशखबरी: मुख्यमंत्री…
छठ महापर्व को भव्य और सुरक्षित बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व को भव्य और दिव्य बनाने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में छठ घाटों पर सुरक्षा, लाइटिंग और सफाई के विशेष इंतजाम किए हैं। छठ पर्व अब दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा बन चुका है, इसलिए हर श्रद्धालु को एक सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था, यात्रियों को मिलेगा आरामदायक सफर
त्योहारों के मौसम में बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड समेत कई राज्यों के लिए दिल्ली से लाखों यात्री सफर करते हैं। इस कारण सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों का भी प्रबंध किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर यात्री की यात्रा आरामदायक, सुरक्षित और सम्मानजनक हो।
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का बयान
दौरे के दौरान सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रदेश का सबसे बड़ा टिकट घर बनाया गया है, जहां बिना आरक्षण के भी यात्री आसानी से टिकट खरीद सकते हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन और दिल्ली सरकार मिलकर यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत हैं।