दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 70 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्रों का उद्घाटन किया, जहाँ मुफ्त स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर परामर्श, दवाइयां और मातृ-शिशु सेवाएं उपलब्ध होंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने के लिए 70 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर केंद्रों का उद्घाटन किया। मंगलवार, 25 नवंबर को शक्ति नगर से विभिन्न जिलों में इन केंद्रों का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मॉडल टाउन के विधायक अशोक गोयल भी मौजूद रहे।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर: मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इन केंद्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच, डॉक्टर परामर्श, आवश्यक दवाइयां, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, प्रिवेंटिव हेल्थकेयर, सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग जैसी सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान भारत योजना, जन औषधि केंद्र, वय वंदना योजना और आयुष्मान आरोग्य मंदिर मिलकर दिल्ली में एक ऐसी स्वास्थ्य प्रणाली का निर्माण कर रहे हैं, जहाँ बेहतर इलाज हर नागरिक का अधिकार होगा, दवाइयां किफायती होंगी और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सभी तक पहुंचेंगी।
also read: दिल्ली में गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर सार्वजनिक अवकाश, रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा फैसला
पिछली सरकार पर निशाना
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 महीनों में दिल्ली की सूरत बदलने की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले सालों में कई इलाके टूटी-फूटी सड़कों और अधूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की वजह से समस्याओं से जूझ रहे थे। रेखा गुप्ता ने कहा, “इतने लंबे समय तक सरकार में रहने के बावजूद पिछली सरकारों ने बहुत कम काम किया और शहर को इसी हालत में छोड़ दिया।”
मोहल्ला क्लीनिक मॉडल पर टिप्पणी
मुख्यमंत्री ने मोहल्ला क्लीनिक मॉडल पर सवाल उठाते हुए कहा, “पिछले 10-11 सालों में क्या आपके पिछले विधायक कभी आपसे सीधे जुड़े? क्या उन्होंने कभी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए असल कदम उठाए?” उन्होंने कहा कि पिछले सालों में मोहल्ला क्लीनिक केवल प्रचार का माध्यम बने, लेकिन डॉक्टर, स्टाफ और दवाइयों की कमी के कारण जनता को सही सेवाएं नहीं मिल पाईं। वहीं, आयुष्मान आरोग्य मंदिर हर क्षेत्र में प्राइमरी हॉस्पिटल की तरह कार्य करेगा और वास्तविक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।