दिल्ली ब्लास्ट अपडेट: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार (10 नवंबर) को हुए कार ब्लास्ट के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। धमाके के तुरंत बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एनएसजी मौके पर मौजूद हैं और जांच जारी है।
लाल किला अगले 3 दिन बंद
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने सुरक्षा कारणों से लाल किला को अगले तीन दिन तक बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान कोई भी पर्यटक या आम नागरिक परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियातन लिया गया है ताकि जांच और सुरक्षा में कोई बाधा न आए।
नेताजी सुभाष मार्ग और आसपास के रास्ते बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लाल किला और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नेताजी सुभाष मार्ग और सर्विस रोड को बंद कर दिया है। सुबह 6 बजे से अगले आदेश तक ये प्रतिबंध जारी रहेंगे। यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
also read: दिल्ली ब्लास्ट: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलएनजेपी…
हाई अलर्ट और सुरक्षा बढ़ाई गई
धमाके के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी संवेदनशील इलाकों जैसे आईजीआई एयरपोर्ट, इंडिया गेट, संसद भवन और सीमाई क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ा दी है। संदिग्ध वस्तुओं या गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया गया है।
जांच जारी, कई एजेंसियां लगी हुईं
डीसीपी नॉर्थ राजा बंथिया ने बताया कि यूएपीए, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफएसएल, एनएसजी और अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल पर सबूत जुटाने में लगी हुई हैं। एलएनजेपी अस्पताल में पोस्टमार्टम जारी हैं और अब तक छह शवों की पहचान की जा चुकी है।
यह निर्णय सुरक्षा और जांच की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि राजधानी दिल्ली में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और आगे की कार्रवाई में कोई बाधा न आए।