CM Yogi in Varanasi: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी के दो दिवसीय दौरे पर हैं, जहां उन्होंने काशी की बेटियों को सिलाई मशीन और लैपटॉप वितरित किए। यह वितरण शिवपुर स्थित अन्नपुर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय में काशी अन्नपूर्णा अन्न क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के 14वें सत्रांत समारोह के दौरान किया गया। इस अवसर पर लगभग 250 बालक-बालिकाओं को सिलाई मशीन, लैपटॉप एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सीएम योगी ने अन्नपूर्णा आश्रम के महंत शंकरपुरी और उनकी टीम को इस भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि मां अन्नपूर्णा की धरती पर 108 वर्षों से अनेक लोककार्य हो रहे हैं। उन्होंने बेटियों और बहनों को इस तरह के प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए बधाई दी और कहा कि यह उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा।
महिलाओं के स्वावलंबन के लिए योगी सरकार की पहल
सीएम योगी ने मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिलाओं को आवास उपलब्ध कराना, स्वच्छता और गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं से महिलाओं का जीवन सुधारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से महिलाओं का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
also read: मुख्यमंत्री योगी की योजना से पूरे प्रदेश में धूम, उत्तर…
वस्त्र क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार वस्त्र क्षेत्र में मिलता है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि जितना अधिक सिलाई करेंगी, उनकी आय उतनी बढ़ेगी। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत प्रदेश में वस्त्र मित्र पार्क और टेक्सटाइल पार्क बनाए जा रहे हैं, जो महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेंगे। प्रदेश में बनने वाले वस्त्र यहां तक कि पूरी दुनिया में पहने जाएंगे।
संस्कृत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर भी जोर
सीएम ने संस्कृत के महत्व को भी रेखांकित किया और कहा कि अन्नपूर्णा मंदिर का संस्कृत महाविद्यालय न केवल वैदिक शिक्षा दे रहा है बल्कि आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृत को भी बढ़ावा दे रहा है। सरकार ने संस्कृत भाषा को बढ़ावा देने के लिए स्कॉलरशिप, आवास और शोध सुविधाएं प्रदान की हैं। योगी ने कहा कि संस्कृत ही वह भाषा है जो भविष्य में दुनिया को जोड़ने का काम करेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माता सरस्वती, महादेव और माता अन्नपूर्णा की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके की। अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनका धन्यवाद जताया।