CM Yogi Adityanath ने बागपत जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा का उद्घाटन किया।

by editor
CM Yogi Adityanath ने बागपत जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा का उद्घाटन किया।

CM Yogi Adityanath  : 351 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath ने आज जनपद बागपत के दौरे के दौरान छपरौली में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने 351 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री CM Yogi Adityanath ने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन माघी पूर्णिमा, संत रविदास जयंती और चौधरी अजित सिंह की जयंती के दुर्लभ संयोग का प्रतीक है। उन्होंने चौधरी अजित सिंह के किसानों के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन भारत के अन्नदाता किसानों की बेहतरी के लिए समर्पित रहा। उनकी पहली प्रतिमा छपरौली में स्थापित होना इस बात का प्रतीक है कि वे हमेशा किसानों के साथ खड़े रहे। वे एक कुशल नेतृत्वकर्ता थे, जिन्होंने विभिन्न मंत्रालयों में रहते हुए देश को नई दिशा दी। बागपत उनके हृदय में बसता था, और आज के विकास कार्य चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की दूरदृष्टि को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

CM Yogi Adityanath ने चौधरी अजित सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और लखनऊ से आगे की पढ़ाई पूरी करने के बाद आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया। इसके बाद उन्होंने विदेश से एमएस की डिग्री प्राप्त की और आईबीएम में दो दशक तक कंप्यूटर वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया। लेकिन प्रतिष्ठा और आर्थिक समृद्धि छोड़कर, उन्होंने वर्ष 1986 में राजनीति में प्रवेश कर भारत, विशेष रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बागपत के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए CM Yogi Adityanath ने कहा कि महाभारत काल में भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों के लिए जिन पांच गांवों की मांग की थी, उनमें बागपत भी शामिल था। यहां के युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा से प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़े इस क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना की योजना पर कार्य जारी है, जिससे औद्योगिक विकास को नया आयाम मिलेगा।

उन्होंने बागपत के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर वे पूरे देश के लिए एक मॉडल बन रहे हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2017 से अब तक 2.72 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया है, जिसमें 2023-24 में 99.51% भुगतान पूरा हो चुका है। पिछले 22 वर्षों की तुलना में प्रदेश सरकार ने मात्र 8 वर्षों में गन्ना किसानों को लगभग 60,000 करोड़ रुपये अधिक भुगतान किया है। इसके अलावा, बागपत की चीनी मिल को अपग्रेड करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिलेगा।

CM Yogi Adityanath ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश अब देश के लिए एक मॉडल बन चुका है, जहां हर नागरिक, व्यापारी और बेटी सुरक्षित महसूस कर रही है। जल्द ही प्रदेश को 60,200 नए पुलिस कर्मी मिलेंगे, जिनकी निष्पक्ष परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सरकार ने पुलिस भर्ती में 20% पद अनिवार्य रूप से बेटियों के लिए आरक्षित किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में चल रहा महाकुंभ स्नान दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जो 26 फरवरी तक जारी रहेगा। माघी पूर्णिमा पर करोड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया है, और उत्तर प्रदेश के लोग पूरे विश्व को त्रिवेणी में आस्था के स्नान के लिए आमंत्रित कर सकते हैं।

प्रदेश में विकास कार्यों की प्राथमिकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बागपत में 135 करोड़ रुपये की लागत से 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और 215.85 करोड़ रुपये की लागत से 121 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। ये परियोजनाएं कनेक्टिविटी, सड़क निर्माण, शिक्षण संस्थानों की स्थापना और औद्योगिक विकास से जुड़ी हैं। आने वाले वर्षों में बागपत विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने भी चौधरी अजित सिंह के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि यह पहला निर्माण उनकी स्मृति में किया गया है। चौधरी अजित सिंह एक दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने विदेश में एमएस करने के बाद कंप्यूटर वैज्ञानिक के रूप में कार्य किया, लेकिन अपने पिता चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ाते हुए देश और किसानों की सेवा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। वे तकनीकी ज्ञान और भारतीय ग्रामीण समाज के उत्थान की सोच को जोड़ने वाले एक अनूठे राजनेता थे।

श्री जयंत चौधरी ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए अहम कदमों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्ष 2020-21 में प्रदेश में डेटा सेंटर नीति लागू की गई, जिसके तहत 30,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ उत्तर प्रदेश को एक तकनीकी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू हुआ। वर्ष 2024 में, उत्तर प्रदेश सरकार ने सेमीकंडक्टर नीति की पहल की और 30,700 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर उत्पादन संयंत्रों को मंजूरी दी। इसके अलावा, मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (एमआरओ) नीति बनाई गई, जिससे उत्तर प्रदेश को एयरोस्पेस और एविएशन सेक्टर में उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई।

श्री जयंत चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के व्यापक विकास का संकल्प लिया और निवेश को आकर्षित करने के लिए महत्वपूर्ण सुधार किए। आज उत्तर प्रदेश एशिया के प्रमुख एयरो इंडिया समारोह में अपनी भागीदारी के माध्यम से निवेश ला रहा है। सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार किए हैं, जिससे युवाओं को नए और बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश अब सिर्फ एक उत्तम प्रदेश नहीं, बल्कि सर्वोत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

CM Yogi Adityanath ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, ऋण के प्रतीकात्मक चेक, ट्रैक्टर और आवास की चाबियां वितरित कीं। इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अनिल कुमार, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री श्री जसवंत सिंह सैनी, वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री श्री के.पी. मलिक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

लोकार्पित प्रमुख परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग की 138 योजनाएं, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज (सिंघावली अहीर एवं बिलोचपुरा), बागपत में नया बस स्टेशन, आईटीआई प्रहलादपुर, यमुना नदी के किनारे ग्राम जागौस में बाढ़ सुरक्षा कार्य, खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत ग्राम मीतली में मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण, पुलिस लाइन बागपत में महिला बैरक, थाना बिनौली एवं थाना रमाला में हॉस्टल/बैरक का निर्माण शामिल हैं।

शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में बड़ौत-अमीनगर सराय मार्ग का दो-लेन चौड़ीकरण, छपरौली से बिजवाड़ा रजवाहा माखर नहर पटरी का निर्माण, बागपत-मुरादनगर मार्ग का दो-लेन चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, हिंडन नदी पर नए पुल, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्य, जिला चिकित्सालय बागपत में 50 शैय्या क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण, राजकीय आयुष/यूनानी चिकित्सालय, मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय, औसिक्का और बड़ौत में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत से अमर शहीद बाबा शाहमल सिंह स्थल का पर्यटन विकास कार्य शामिल हैं।

You may also like

नारियल पानी में तुलसी के पत्ते डालकर पीना सेहत के लिए है बहुत फायदेमंद शीतला अष्टमी पर इन मंत्रों का जाप करें और रोगों से पाएँ मुक्ति! अजवाइन को दही में मिलाकर खाने के फायदे जल्दी पचने वाले फल कौन से हैं जाने इनके फायदे रात में चिया बीज का पानी पीने के फायदे