CM Rekha Gupta : दिल्ली सरकार ने जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत कर दी है, जिसकी पहली बैठक कृष्णा नगर क्षेत्र में आयोजित की गई। इस जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि ज़्यादातर समस्याएं सड़क और दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ी हुई हैं। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है, खासकर घोंडली क्षेत्र में एक डिस्पेंसरी स्थापित करने की जरूरत को उठाया गया है।
दिल्ली की CM Rekha Gupta सरकार ने लोगों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर ही सुलझाने के उद्देश्य से जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पहली जनसुनवाई का आयोजन पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र में किया गया। इस बैठक में दिल्ली सरकार, नगर निगम, पुलिस, दिल्ली विकास प्राधिकरण और जल बोर्ड के अधिकारी मौजूद रहे।
कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल ने बताया कि CM Rekha Gupta की पहल पर जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। उन्होंने इसे गर्व की बात बताया कि इस अभियान की पहली कड़ी उनके विधानसभा क्षेत्र से शुरू हुई है, हालांकि इसे पूरे दिल्ली में लागू किया जाएगा।
जनसुनवाई में 16 विभागों के अधिकारी शामिल हुए
इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के अलावा सिविल एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे, जिनमें दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी शामिल रहे। स्थानीय पार्षद संदीप कपूर ने कहा कि मानसून से पहले यह जनसुनवाई बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसमें सफाई समेत सभी तरह की समस्याएं सुनी जा रही हैं।
किन समस्याओं पर सबसे ज्यादा शिकायतें आईं
जनसुनवाई में शामिल अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर शिकायतें सड़क और दिल्ली जल बोर्ड से जुड़ी हुई थीं। पानी की कमी इलाके की प्रमुख समस्याओं में से एक रही। कुछ जगहों पर सीवर जाम और ओवरफ्लो की शिकायतें भी लोगों ने दर्ज कराईं। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 250 लोगों ने कई जगहों पर सड़कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया।
स्थानीय समस्याओं पर फोकस
शाहदरा की जिलाधिकारी रिशिता ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लोगों को उनकी परेशानियों से राहत मिले और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग
स्थानीय लोगों ने इलाके में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग की। विशेष रूप से घोंडली क्षेत्र में एक डिस्पेन्सरी की जरूरत बताई गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जल्द ही इलाके में 15 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जाएंगे और चंदर नगर के पास एक नया कम्युनिटी सेंटर भी बनाया जाएगा।