दिल्ली में शाम हुई तेज बारिश के बाद राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिस पर CM Rekha Gupta ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ठोस और प्रभावी कदम तुरंत उठाए जाएं, ताकि मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हालांकि, CM Rekha Gupta ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि इस बार मिंटो रोड और आईटीओ जैसे जलभराव के पुराने स्थलों पर कोई दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यही कार्यशैली पूरे शहर में अपनाई जानी चाहिए ताकि बारिश के दिनों में दिल्लीवासी राहत महसूस करें।
जलभराव से उत्पन्न समस्याओं पर मुख्यमंत्री ने PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के साथ-साथ सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बारिश के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए ताकि जलभराव को रोका जा सके।
CM Rekha Gupta ने खास तौर पर नालियों और गलियों में जमा कूड़े की सफाई पर बल देते हुए कहा कि सड़कों के किनारे और गलियों में पड़े कचरे को तुरंत हटाया जाए क्योंकि यह जल निकासी में बाधा बनता है। छोटी और बड़ी नालियों की लगातार निगरानी और सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, CM Rekha Gupta ने कहा कि बारिश न होने वाले दिनों में भी अधिकारी उन क्षेत्रों का दौरा करें जहां अक्सर जलभराव की शिकायत रहती है। वे जलनिकासी की व्यवस्था की जांच करें और फील्ड स्टाफ की जिम्मेदारियां तय करें ताकि न केवल समस्या का समाधान हो, बल्कि जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सके।