हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज पंजाब जाएंगे, जहां वह तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू के पक्ष में वोट मांगेंगे। सीएम सैनी यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में जनता से समर्थन की अपील करेंगे। इसके बाद, वह अमृतसर भी जाएंगे।
तरनतारन उपचुनाव 11 नवंबर को होने वाला है। इस उपचुनाव के लिए भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नाम भी शामिल है। इससे पहले, सीएम सैनी दिल्ली और बिहार में भी चुनाव प्रचार कर चुके हैं।
also read: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शेफाली वर्मा को फोन पर दी…
पंजाब में सीएम सैनी का योगदान और सम्मान
सीएम नायब सिंह सैनी पंजाब में हुए प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने पंजाब में बाढ़ के पीड़ितों के लिए ₹5 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की थी और साथ ही 650 ट्रकों में राहत सामग्री भेजी थी, जो बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजी गई थी। यह राहत सामग्री हरियाणा बीजेपी के द्वारा पंजाब के विभिन्न जिलों से भेजी गई थी।
हाल ही में, चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आयोजित एक समारोह में ग्लोबल पंजाबी एसोसिएशन ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ‘शेर-ए-पंजाब महाराजा रणजीत सिंह अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान सिख धर्म, सामाजिक एकता और समाज कल्याण के क्षेत्र में उनके योगदान और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए दिया गया।