CM Bhajan Lal Sharma ने गुरुवार को जयपुर मेट्रो कॉरिडोर (फेज-2) की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीपीआर में सीतापुरा से अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर तक प्रस्तावित मेट्रो रूट में भविष्य की आवश्यकताओं और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेट्रो स्टेशनों की योजना बनाई जाए।
CM Bhajan Lal Sharma ने कहा कि जयपुर एक ऐतिहासिक और तेजी से विकसित होता शहर है, और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार बढ़ती आबादी और ट्रैफिक प्रेशर को संतुलित करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जयपुरवासियों को अत्याधुनिक और सुविधाजनक परिवहन प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे जयपुर को एक स्मार्ट सिटी के रूप में देशभर में आदर्श शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।
CM Bhajan Lal Sharma ने यह भी कहा कि फेज-2 प्रोजेक्ट की लागत और खर्च का समुचित मूल्यांकन किया जाए ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके और आमजन को सर्वोत्तम सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं मिल सकें। बैठक में उन्होंने प्रस्तावित रूट, अनुमानित लागत, परियोजना की व्यावहारिकता और वित्तीय मॉडल पर भी जानकारी ली।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के पास हों मेट्रो स्टेशन
CM Bhajan Lal Sharma ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेट्रो रूट तय करते समय आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि मेट्रो स्टेशन ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं जो आम लोगों की पहुंच में हों और रेलवे स्टेशन तथा एयरपोर्ट के पास भी स्टेशन विकसित किए जाएं ताकि मेट्रो की उपयोगिता अधिकतम हो सके।
इस समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री को अधिकारियों द्वारा परियोजना से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त श्री अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) श्री शिखर अग्रवाल, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) श्री आलोक गुप्ता, जयपुर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के सीएमडी श्री वैभव गालरिया, जयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती आनंदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।