Amritpal Singh: राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत अमृतपाल लगभग सवा साल से डिब्रूगढ़ जेल में है। जेल से ही अमृतपाल ने लोकसभा चुनाव जीता। पहली बार वह सिर्फ शपथ लेने के लिए पैरोल पर बाहर आए थे।
Amritpal Singh: खालिस्तान समर्थक और खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह ने बतौर सांसद शपथ ले ली है। अमृतपाल ने पंजाबी में अपने चैंबर में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला की मौजूदगी में शपथ ली। उन्हें परिवार से मिलवाया गया और फिर डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया।
खडूर साहिब से सांसद बने अमृतपाल को शपथ दिलाने के लिए उन्हें कड़ी सुरक्षा में असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। उन्हें सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में दिल्ली में ठहराया गया था। दोपहर करीब 12.30 बजे अमृतपाल को दिल्ली और पंजाब पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच संसद भवन लाया गया। जहाँ अमृतपाल ने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में शपथ ली
शपथ लेने के बाद अमृतपाल ने अपने पिता, चाचा और भाई से मुलाकात की। परिवार की ओर से आठ लोगों को मिलने का पत्र दिया गया था, लेकिन सुरक्षा बलों ने केवल तीन लोगों को मिलने की अनुमति दी। यह बैठक लगभग चालीस मिनट चली। दोपहर दो बजे के आसपास अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल के लिए फिर से सुरक्षा टीमें लेकर रवाना हो गईं।
परिवार और समर्थकों ने खुशी मनाई
वारिस पंजाब दे प्रमुख और खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के शपथ लेने पर उनके परिवार और समर्थकों ने खुशी जताई। खडूर साहिब में अमृतपाल के प्रशंसकों ने मिठाई बांटी। सांसद अमृतपाल की मां बलविंदर कौर ने कहा कि मैं इसके लिए खडूर साहिब की जनता को बधाई देती हूँ। पिता तरसेम सिंह ने कहा कि कई समर्थक मुलाकात के लिए दिल्ली आए थे, लेकिन उन्हें नहीं मिलने दिया गया। उनके बेटे को चार दिन की पैरोल मिलने के बावजूद शाम को डिब्रूगढ़ जेल के लिए रवाना कर दिया गया।