इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों समेत दुनिया के 15+ देशों के नेता, 50+ मंत्री और 600+ स्टार्टअप्स इस पांच दिवसीय एआई समिट में शामिल होंगे।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आगाज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह समिट ग्लोबल साउथ में पहली बार आयोजित किया जा रहा है और इसका आयोजन भारत मंडपम में 16 से 20 फरवरी तक पांच दिन चलेगा। समिट का मुख्य उद्देश्य एआई सुरक्षा, गवर्नेंस, डेटा प्रोटेक्शन और युवा एआई प्रोग्राम के माध्यम से छात्रों व युवा पेशेवरों में एआई जागरूकता बढ़ाना है।
इस कार्यक्रम में 15 से 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 50 से अधिक मंत्री और 40 से अधिक भारतीय एवं वैश्विक सीईओ भाग लेंगे। इसमें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, बायोकॉन ग्रुप की किरण मजूमदार शॉ और ओपन AI के सीईओ सैम ऑल्टमैन शामिल होंगे। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी इस समिट में हिस्सा लेंगे।
युवा एआई प्रोग्राम ग्लोबल यूथ चैलेंज के रूप में आयोजित होगा, जिसमें 38 देशों से 2,500 एप्लिकेशन आई थीं। इसमें 20 फाइनलिस्ट का चयन इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय की ओर से किया जाएगा, जिनमें से 15 टीम भारत की हैं।
also read: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और EU के साथ ट्रेड…
पांच दिन के समिट में स्वास्थ्य, ऊर्जा, शिक्षा, कृषि, सशक्तिकरण और विकलांगता जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग पर सेमिनार, केसस्टडी, पैनल डिस्कशन और गोलमेज कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसके अलावा भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा।
इस समिट में 13 देशों के पवेलियन बनाए गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, यूके, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड्स, तजाकिस्तान, अफ्रीका, स्विट्जरलैंड, सर्बिया और एस्टोनिया शामिल हैं।
समिट में 600 से अधिक स्टार्टअप्स भाग लेंगे, जो हेल्थकेयर, एग्रीटेक, एजुकेशन, साइबर सिक्योरिटी और अर्बन डेवलपमेंट जैसे क्षेत्रों में नवीनतम इनोवेशन प्रस्तुत करेंगे। दुनियाभर से 300 से अधिक विदेशी पत्रकारों ने भी इस आयोजन में रजिस्ट्रेशन कराया है।
इस प्रकार, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 भारत को एआई इनोवेशन और ग्लोबल तकनीकी सहयोग का केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।