आम आदमी पार्टी के नेता जरनैल सिंह ने दिल्ली की CM Rekha Gupta की करतारपुर साहिब को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता के बयान से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और यह टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
जरनैल सिंह ने कहा कि CM Rekha Gupta को सिख धर्म, उसके धार्मिक स्थलों और इतिहास की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेखा गुप्ता ने जिस लहजे में श्री करतारपुर साहिब का उल्लेख किया, उसमें अनादर की झलक थी। यह स्थान सिखों के लिए अत्यंत श्रद्धा का केंद्र है, जहां गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के कई वर्ष बिताए थे।
उन्होंने कहा कि करतारपुर साहिब का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है और CM Rekha Gupta को ऐसे पवित्र स्थलों के महत्व को समझना चाहिए। जरनैल सिंह ने बीजेपी से इस बयान पर माफी की मांग की और पार्टी के सिख नेताओं से अपील की कि वे मुख्यमंत्री को इस विषय में उचित जानकारी दें।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब लोग गुरुद्वारा बंगला साहिब जाते हैं तो उसे श्रद्धापूर्वक ‘गुरुद्वारा बंगला साहिब’ कहकर संबोधित करते हैं, जिससे उनकी आस्था और सोच स्पष्ट होती है।
आम आदमी पार्टी के नेता ने कहा कि CM Rekha Gupta ने जिस तरह से धार्मिक स्थल का उल्लेख किया, वह अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बीजेपी में मौजूद सिख नेता अपनी ही पार्टी की नेता से माफी मांगने का अनुरोध भी नहीं कर सकते? क्या राजनीति इंसानियत से इतनी ऊपर हो चुकी है?
सिख समाज क्षमा करने वाला है, पर माफी जरूरी है
उन्होंने आगे कहा कि सिख समाज का दिल बहुत बड़ा होता है और उसमें क्षमा की भावना है। यदि CM Rekha Gupta माफी मांग लें, तो सिख समाज उन्हें माफ कर देगा। उन्होंने बीजेपी के सिख नेता और मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा से अपील की कि वे मुख्यमंत्री को समझाएं कि गुरुद्वारों और धार्मिक स्थलों का सम्मानजनक ढंग से कैसे उल्लेख किया जाता है। साथ ही पूछा कि मुख्यमंत्री माफी मांगने से क्यों हिचक रही हैं, जब उनकी बातों से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
पंजाबी और अरोड़ा समाज का भी अपमान
वहीं, पार्टी के एक अन्य नेता अंकुश नारंग ने भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि CM Rekha Gupta ने केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि पंजाबी और अरोड़ा समाज का भी अपमान किया है। उनकी भाषा और शब्दों का चयन न केवल अनुचित बल्कि असंवैधानिक भी है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री जनता के सामने आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।