प्रधानमंत्री मोदी कल आंध्र प्रदेश दौरे पर 13,430 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जानिए पीएम मोदी के दौरे का पूरा कार्यक्रम और रोजगार व विकास से जुड़ी अहम बातें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल आंध्र प्रदेश का भव्य दौरा करेंगे, जहां वे कुल 13,430 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी कुरनूल में ‘सुपर जीएसटी सुपर सेविंग्स’ कार्यक्रम में भी भाग लेकर जीएसटी में हुए सुधारों से मिलने वाले लाभों की जानकारी आम जनता को देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी का आंध्र प्रदेश दौरे का पूरा कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को आंध्र प्रदेश पहुंचेंगे और सुबह नांदयाल जिले के श्रीशैलम स्थित श्री भ्रामरांबा मल्लिकार्जुन स्वामी वरला देवस्थानम में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे कुरनूल में विभिन्न उद्योग, सड़क, रेलवे, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
1 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर
प्रधानमंत्री मोदी परियोजनाओं में कुरनूल-3 पूलिंग स्टेशन की ट्रांसमिशन सिस्टम स्ट्रेंथनिंग परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही ओरवकल औद्योगिक क्षेत्र और कडप्पा के कोप्परथी औद्योगिक क्षेत्र का भी शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से करीब 1 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।
प्रमुख सड़क और रेलवे परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी सब्बावरम से शीलानगर तक छह लेन के ग्रीनफील्ड राजमार्ग की आधारशिला रखेंगे, जिसकी लागत करीब 960 करोड़ रुपये है। यह सड़क परियोजना विशाखापत्तनम बंदरगाह क्षेत्र में ट्रैफिक कम करने और व्यापार को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी।
साथ ही पिलेरु-कलुर सड़क खंड के चार लेन विस्तार, कडप्पा-नेल्लोर सीमा से सी.एस. पुरम तक चौड़ीकरण और गुडिवाडा-नुजेला रेलवे स्टेशनों के बीच चार लेन के रेल ओवर ब्रिज का भी उद्घाटन किया जाएगा। रेलवे परियोजनाओं की कुल लागत 1,200 करोड़ रुपये से अधिक है।
ऊर्जा एवं उद्योग क्षेत्र की बड़ी परियोजनाएं
प्रधानमंत्री मोदी ऊर्जा क्षेत्र में गेल इंडिया लिमिटेड की 124 किमी लंबी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का उद्घाटन करेंगे, जिसकी कुल लागत लगभग 1,730 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, इंडियन ऑयल के चित्तूर स्थित 60 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड की एडवांस्ड नाइट विजन प्रोडक्ट फैक्टरी का भी उद्घाटन किया जाएगा।
सुपर जीएसटी सुपर सेविंग्स कार्यक्रम में पीएम मोदी
पीएम मोदी कुरनूल में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू द्वारा आयोजित ‘सुपर जीएसटी सुपर सेविंग्स’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में वे जीएसटी में हुए सुधारों और उनके लाभों को आम जनता के साथ साझा करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, तैयारियां पूरी
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को लेकर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा है।