लॉर्ड्स से करीब 7500 किलोमीटर दूर उन 7 बल्लेबाजों के साथ जो हुआ,Cricket के इतिहास में पहली बार देखने को मिला।

लॉर्ड्स से करीब 7500 किलोमीटर दूर उन 7 बल्लेबाजों के साथ जो हुआ,Cricket के इतिहास में पहली बार देखने को मिला।

लॉर्ड्स से करीब 7500 किलोमीटर दूर टेस्ट Cricket में कुछ ऐसा हुआ, जो पहले कभी नहीं देखा गया था। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की कड़ी टक्कर और 22 रन की हार ने ध्यान खींचा, लेकिन उसी दौरान जमैका में वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे टेस्ट मैच में एक ऐतिहासिक घटना घटी, जिसने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ा।

कौन हैं वो 7 खिलाड़ी और क्या हुआ उनके साथ?
जमैका टेस्ट की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाज — जॉन कैंपबेल, केवलॉन एंडरसन, ब्रेंडन किंग, रोस्टन चेज, शेमार जोसेफ, जोमेल वारिकन और जाइडन सील्स — बिना खाता खोले आउट हो गए। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में एक पारी में सात बल्लेबाजों का डक पर आउट होना पहली बार देखने को मिला। इससे पहले अधिकतम छह बल्लेबाजों के ज़ीरो पर आउट होने की घटना नौ बार हो चुकी थी।

वेस्टइंडीज का शर्मनाक रिकॉर्ड
204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की पूरी टीम महज 27 रन पर सिमट गई। यह टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज का सबसे कम स्कोर और ओवरऑल दूसरा सबसे छोटा टोटल है। सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के नाम है, जिसने 1955 में इंग्लैंड के खिलाफ 26 रन बनाए थे।

स्टार्क का कहर और रिकॉर्ड्स की झड़ी
ऑस्ट्रेलियाई तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क ने दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए और महज 15 गेंदों में 5 विकेट लेकर टेस्ट इतिहास में सबसे तेज़ ‘पांच विकेट’ लेने वाले गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड 19 गेंदों के साथ एर्नी टोशैक, स्टुअर्ट ब्रॉड और स्कॉट बोलैंड के नाम था। इसके साथ ही स्टार्क ने अपने टेस्ट करियर के 400 विकेट भी पूरे कर लिए, और डेल स्टेन के बाद सबसे कम गेंदों में इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले दूसरे गेंदबाज बन गए।

बोलैंड की हैट्रिक भी बनी सुर्खी
स्टार्क के बाद स्कॉट बोलैंड ने भी वेस्टइंडीज के खिलाफ कमाल दिखाया और टेस्ट करियर की पहली हैट्रिक पूरी की। वो टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 45वें और ऑस्ट्रेलिया के 10वें गेंदबाज़ बन गए। लॉर्ड्स से दूर, जमैका में घटा ये दिन टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अनोखा बन गया — जहां सात बल्लेबाज बिना रन बनाए आउट हुए, वेस्टइंडीज ने अपना न्यूनतम स्कोर दर्ज किया और दो ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कीर्तिमान रच दिए।

Related posts

जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास: पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में बनाई जगह

साहिबजादा फरहान का ऐतिहासिक शतक: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के लिए धमाकेदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका की धमाकेदार जीत, पथुम निसांका के शतक से ऑस्ट्रेलिया को सुपर-8 से बाहर का खतरा