Union Minister श्री चिराग पासवान 8 जनवरी, 2025 को गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा में स्थित इंडिया एक्सपोज़िशन मार्ट लिमिटेड में इंडसफूड 2025 के 8वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इंडसफूड, एशिया की प्रमुख वार्षिक खाद्य एवं पेय व्यापार प्रदर्शनी है जिसे भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के सहयोग से भारतीय व्यापार संवर्धन परिषद द्वारा आयोजित किया जाता है। यह 2025 में एक और उपलब्धि हासिल करने के लिए तैयार है क्योंकि इस आयोजन के माध्यम से यह एक एकीकृत ‘फार्म-टू-फोर्क’ व्यापार शो के रूप में अपनी शुरुआत करेगा।
इंडसफूड 2025 में 30 से अधिक देशों के 2,300 प्रदर्शक भाग लेंगे। इस बार का प्रदर्शनी स्थल 120,000 वर्ग मीटर से अधिक का होगा। इस एकीकृत व्यापार मेले में 7,500 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय खरीदार तथा 15,000 भारतीय खरीदार व व्यापार आगंतुकों के आने की उम्मीद है।
8-10 जनवरी के दौरान ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में इंडसफूड व्यापार मेले के 8वें संस्करण के अलावा, भारतीय व्यापार संवर्धन परिषद (टीपीसीआई) इंडसफूड मैन्युफैक्चरिंग के चौथे संस्करण (खाद्य प्रसंस्करण प्रौद्योगिकी, पैकेजिंग प्रौद्योगिकी, सामग्री और आतिथ्य प्रौद्योगिकी को कवर करते हुए) और इंडसफूड एग्रीटेक के उद्घाटन संस्करण (कृषि प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन प्रौद्योगिकी, डेयरी और पोल्ट्री फार्मिंग प्रौद्योगिकी का प्रदर्शन) का भी आयोजन कर रहा है। ये दो कार्यक्रम 9-11 जनवरी, 2025 को नई दिल्ली के यशोभूमि द्वारका में निर्धारित हैं।
इन तीन व्यापार मेलों के साथ इंडसफूड 2025 के आयोजन प्रारूप को, ‘फार्म-टू-फोर्क’ की मूल्य श्रृंखला में निर्बाध तालमेल को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह नेटवर्किंग के लिए अद्वितीय अवसर और सार्थक व्यापार विस्तार की सुविधा प्रदान करता है और लक्षित ज्ञान-साझाकरण सत्रों के माध्यम से विचारों का आदान-प्रदान करमें मदद करता है। यह एकीकृत दृष्टिकोण, यह सुनिश्चित करता है कि प्रतिभागी अभिनव समाधान खोज सकें, रणनीतिक साझेदारी बना सकें और विकसित हो रहे वैश्विक खाद्य एवं पेय कारोबार परिदृश्य में आगे रह सकें।
2025 के इस संस्करण में 35 अंतरराष्ट्रीय शेफ और 100 भारतीय प्रतिनिधियों के साथ-साथ दिल्ली एनसीआर के पेशेवर भी भाग लेंगे। 100 से अधिक देशों के मेज़बान खरीदारों सहित अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के साथ, यह कार्यक्रम भारतीय खाद्य कंपनियों को इन बाज़ारों में देश-विदेश को लोगों तक पहुँचने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।
इंडसफूड 2025 को, भारतीय पाककला संघ (आईएफसीए) के साथ साझेदारी में भारत में पहली बार प्रतिष्ठित एशिया प्रेसिडेंट फोरम की मेज़बानी करने पर भी गर्व है। यह ऐतिहासिक आयोजन एशिया भर से शेफ़ संघों के 30 से ज़्यादा अध्यक्षों को एक साथ लाएगा। शो के दौरान खाद्य उत्पादन और कृषि प्रौद्योगिकी क्षेत्रों पर केंद्रित दो बड़े शिखर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
टीपीसीआई के चेयरमैन श्री मोहित सिंगला ने कहा है कि इंडसफूड का लक्ष्य किसानों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और वैश्विक बाजारों के बीच की खाई को पाटना है। यह न केवल व्यापार के अवसरों को बढ़ाता है बल्कि बेहतर बाजारों और मूल्य-संवर्धन के अवसरों तक पहुँच बनाकर किसानों की आय में भी सुधार लाता है। उन्होंने कहा कि इंडसफूड 2025 इस परिवर्तनकारी दृष्टिकोण का प्रतीक है, जो खाद्य एवं पेय क्षेत्र में क्रांति लाने के लिए तालमेल को साकार करता है और अधिक टिकाऊ व समृद्ध कृषि भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।