TRAI द्वारा विकसित की गई TRAI DND ऐप यूजर्स को अनचाहे कॉल और मैसेज से छुटकारा दिलाने में मदद करती है।
अगर आप लगातार आने वाली अनचाही कॉल्स से परेशान हैं, तो अब आपको इससे निजात मिलने वाली है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) द्वारा विकसित TRAI DND ऐप यूजर्स को स्पैम कॉल्स और मैसेज से राहत देने के लिए बनाया गया है। इस संदर्भ में प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने भी इस ऐप को लेकर आधिकारिक पुष्टि की है।
यह ऐप खासतौर पर यूजर्स को टेलीमार्केटिंग कॉल्स और प्रमोशनल मैसेज को नियंत्रित करने, कई यूजर्स को AD-TRAIND-G नाम की सेंडर आईडी से मैसेज मिले हैं जिसमें लिखा गया है: “स्पैम कॉल्स से परेशान हैं? अब खुद कंट्रोल करें — प्रमोशनल कॉल्स को रिपोर्ट करें, ब्लॉक करें या अनुमति दें। आज ही TRAI DND ऐप डाउनलोड करें।”
यह ऐप Google Play Store और Apple App Store दोनों पर उपलब्ध है। PIB फैक्ट चेक ने पुष्टि की है कि यह ऐप एक विश्वसनीय और अधिकृत टूल है, जो यूजर्स को प्रमोशनल कम्युनिकेशन को प्रभावी तरीके से मैनेज करने में सक्षम बनाता है। इसके जरिए यूजर्स अपने नंबर को DND लिस्ट में रजिस्टर कर सकते हैं, ताकि उन्हें अनचाहे कमर्शियल कॉल्स और मैसेज से बचाव मिल सके।
TRAI DND ऐप क्या है?
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा विकसित यह मोबाइल ऐप यूजर्स को टेलीमार्केटिंग कॉल्स और मैसेज के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और अपने मोबाइल अनुभव को नियंत्रित करने का विकल्प देता है। यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म्स पर मुफ्त में उपलब्ध है। इसके जरिए यूजर्स न केवल स्पैम कॉल्स और मैसेज की शिकायत कर सकते हैं, बल्कि यदि वे चाहें तो प्रमोशनल कंटेंट के लिए अनुमति भी दे सकते हैं। सरकार ने भी नागरिकों से इस ऐप को सक्रिय रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है ताकि अनचाही कॉल्स और संदेशों को रोका जा सके और स्वच्छ व स्पैम-मुक्त संचार को बढ़ावा मिल सके।
TRAI DND ऐप से स्पैम या प्रमोशनल कॉल्स को ब्लॉक करने के लिए अपनाएं ये स्टेप्स:
स्टेप 1:
Android यूजर्स Google Play Store पर जाकर “TRAI DND” सर्च करें और इंस्टॉल बटन पर क्लिक करके ऐप डाउनलोड करें। iPhone यूजर्स Apple App Store से इसी नाम से ऐप सर्च करके इंस्टॉल करें।
स्टेप 2:
ऐप इंस्टॉल होने के बाद उसे खोलें और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू करें। इसके लिए आपको अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। नंबर को वेरिफाई करने के लिए एक OTP भेजा जाएगा, जिसे दर्ज करने के बाद रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा।
स्टेप 3: अपनी पसंद के अनुसार विकल्प चुनें
-
DND एक्टिव करें: आप अपना मोबाइल नंबर नेशनल कस्टमर प्रेफरेंस रजिस्टर (NCPR) या डू नॉट डिस्टर्ब (DND) लिस्ट में रजिस्टर करवा सकते हैं ताकि आपको टेलीमार्केटिंग कॉल्स से पूरी तरह छुटकारा मिल सके। एक बार नंबर रजिस्टर हो जाने पर टेलीमार्केटर्स आपको कॉल नहीं कर पाएंगे।
-
कस्टमाइज कंट्रोल: यदि आप सभी प्रमोशनल कॉल को ब्लॉक नहीं करना चाहते, तो आप अपनी पसंद के अनुसार कैटेगरी जैसे बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि को चुन सकते हैं। इस तरह आपको केवल वही कॉल्स मिलेंगी जो आपकी प्राथमिकताओं में शामिल हों।
स्टेप 4: स्पैम कॉल/मैसेज की शिकायत दर्ज करें
अगर आपको किसी टेलीमार्केटर की तरफ से अनचाहा कॉल या मैसेज मिलता है, तो आप उसे ऐप के माध्यम से तुरंत रिपोर्ट कर सकते हैं। “रिपोर्ट स्पैम” विकल्प पर टैप करें और संबंधित कॉल या मैसेज को चुनें। आपकी शिकायत सीधे आपके टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर तक भेज दी जाएगी।
स्टेप 5: शिकायत की स्थिति की निगरानी करें
ऐप आपको यह जानकारी देता है कि आपकी शिकायत पर कोई कार्रवाई हुई है या नहीं। आप अपनी प्रेफरेंस को समय-समय पर चेक और अपडेट कर सकते हैं ताकि आपको केवल वही कॉल्स और मैसेज प्राप्त हों जो आपने अनुमति दी है। जरूरत पड़ने पर आप नई शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।
स्टेप 6: ऐप को अपडेट रखें
सुनिश्चित करें कि आप TRAI DND ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं। नए वर्जन में आपको बेहतर कंट्रोल और नए फीचर्स मिल सकते हैं, जो अनचाहे कॉल्स और मैसेज को रोकने में ज्यादा असरदार होते हैं।