Vivo, जो प्रमुख स्मार्टफोन कंपनियों में से एक है, जल्द ही भारत में अपना नया स्मार्टफोन Y400 5G लॉन्च कर सकता है। इस डिवाइस से जुड़ी कुछ जानकारियां हाल ही में लीक के जरिए सामने आई हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने कंपनी ने भारतीय बाजार में Y400 Pro 5G को पेश किया था। हालांकि, Y400 5G की लॉन्च डेट को लेकर अभी तक कंपनी ने कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
Vivo Y400 5G की संभावित कीमत और रंग विकल्प भी सामने आए हैं। इसकी कीमत 20,000 रुपये से कम हो सकती है और इसे मिड-रेंज सेगमेंट में उतारा जा सकता है। कंपनी के Y400 Pro 5G के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 24,999 रुपये है, जबकि 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले वर्जन की कीमत 26,999 रुपये है। नए Y400 5G को Glam White और Olive Green रंगों में उपलब्ध कराया जा सकता है।
Vivo Y400 5G में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है और फ्रंट कैमरे के लिए होल-पंच डिजाइन दिया जा सकता है। चूंकि यह Pro वर्जन की तुलना में बेस वेरिएंट होगा, इसलिए इसके फीचर्स और परफॉर्मेंस में थोड़ी कटौती हो सकती है।
Y400 Pro 5G में 6.77 इंच का फुल HD+ 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 300Hz टच सैंपलिंग रेट और 4,500 निट्स की पीक ब्राइटनेस के साथ आता है। इसमें MediaTek Dimensity 7300 चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है। कैमरा सेटअप की बात करें तो इसमें 50MP Sony IMX882 प्राइमरी सेंसर के साथ 2MP का सेकेंडरी कैमरा और फ्रंट में 32MP सेल्फी कैमरा है।
Y400 Pro 5G में AI फीचर्स जैसे AI Photo Enhance, AI Erase और AI Note Assist भी दिए गए हैं। इसकी 5,500mAh की बैटरी 90W फास्ट वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। ग्लोबल स्तर पर बात करें तो 2025 की दूसरी तिमाही में Vivo ने 4.8% की ग्रोथ दर्ज की है और इस दौरान कंपनी ने करीब 2.71 करोड़ यूनिट्स की शिपमेंट की है।