CID सीरियल के इस अभिनेता ने पहले बैंक में काम किया था, लेकिन एक त्योहार ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह से बदल दिया। अब वह शो से बाहर हो गए हैं।सीआईडी सीरियल पिछले दो दशकों से दर्शकों के बीच पसंदीदा रहा है और इसे बहुत सराहा गया है। शो में अभिनय करने वाले अधिकांश कलाकार अब भी इसके साथ जुड़े हुए हैं और फैंस का मनोरंजन करते रहते हैं।
आजकल एक बार फिर से सीआईडी शो चर्चा में है, क्योंकि यह फिर से ऑन एयर हुआ है और अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 20 साल से ज्यादा समय से यह शो फैंस का मनोरंजन करता आ रहा है। इस बार शो में कुछ बदलाव किए गए हैं और इसे और भी रोमांचक बनाने की कोशिश की गई है। खास बात यह है कि जब शो शुरू हुआ था, तब से ही इसकी कास्टिंग में ज्यादा बदलाव नहीं आए। अब सीआईडी की टीम में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता शिवाजी साटम का 75वां जन्मदिन है। इस मौके पर हम उनके अब तक के करियर पर एक नजर डालते हैं।
शिवाजी साटम का जन्म 21 अप्रैल 1950 को महाराष्ट्र के देवगढ़ में हुआ था और वे मराठी फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध अभिनेता माने जाते हैं। उन्होंने टीवी के अलावा बॉलीवुड और मराठी फिल्मों में भी काम किया है। हालांकि, शिवाजी का सपना अभिनेता बनने का नहीं था, वे पहले एक जॉब कर रहे थे। शिवाजी सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में कैशियर के तौर पर काम करते थे और इस नौकरी में काफी समय बिता चुके थे। लेकिन किस्मत ने उन्हें एक नया रास्ता दिखाया।
शिवाजी साटम ने कैशियर की नौकरी के बाद उसी बैंक में इस्पेक्शन ऑफिसर के तौर पर काम किया। फिर उनका रुझान थिएटर की ओर बढ़ा और उन्होंने नाटक करना शुरू किया। एक त्योहार के मौके पर जब वे एक प्ले कर रहे थे, तब रमानंद सागर की रामायण में राजा दशरथ का किरदार निभाने वाले अभिनेता बाल धुरी ने उन्हें नोटिस किया। इसके बाद उन्हें थिएटर और फिल्मों में काम करने का अवसर मिला।
शिवाजी साटम ने किन फिल्मों में काम किया? 1988 में अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह की फिल्म पेस्टोनजी से शिवाजी साटम ने अभिनय की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 100 डेज, यशवंत, गुलाम-ए-मुस्तफा, युगपुरुष, चाइना गेट, सूर्यवंशम, वजूद, और पुकार जैसी फिल्मों में काम किया। यह वह दौर था जब सीआईडी शो शुरू भी नहीं हुआ था। शो से जुड़ने के बाद भी वे फिल्मों में काम करते रहे, हालांकि शो में लीड रोल होने की वजह से उन्होंने हाल के कुछ वर्षों में ज्यादा फिल्में नहीं कीं। वे दे धक्का, हापुस, हसीना दिलरुबा, बम्बो और जूना फर्नीचर जैसी फिल्मों में भी नजर आए।
क्या सीआईडी में उनका रोल खत्म हो गया है? शिवाजी साटम ने 27 साल तक सीआईडी शो में लीड एक्टर के तौर पर काम किया, जहां उन्होंने एसीपी प्रद्युमन का किरदार निभाया। शो की शुरुआत 1998 में हुई थी और अब तक इसके 1583 एपिसोड्स प्रसारित हो चुके हैं। शो को फिर से फैंस का प्यार मिल रहा है, लेकिन हाल के कुछ एपिसोड्स में वे शो में नहीं दिखे। शो में नए एसीपी का किरदार आ चुका है, हालांकि एसीपी प्रद्युमन के वापस आने की संभावना भी बनी हुई है।